
जामगांव आर । छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी सरस्वती साइकिल योजना के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भरर में कक्षा नवमी की छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत दुर्ग की सभापति कल्पना नारद साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर संस्था प्रमुख डॉ भारती, शाला विकास एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अरुण चंद्राकर, सांसद प्रतिनिधि द्रोन चंद्राकर, दिनेश नगरिया, पुरुषोत्तम चंद्राकर, ग्राम पंचायत भरर की सरपंच श्रीमती कौशल्या साहू, श्रीमती जमुना सोनवानी, श्रीमती पिंगला ठाकुर सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
मौके पर जिला पंचायत सभापति कल्पना साहू ने छात्राओं को साइकिलें वितरित करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि राज्य शासन की यह योजना बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी, उनकी पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी तथा वे आत्मनिर्भर बनने की ओर एक मजबूत कदम बढ़ा सकेंगी।
वक्ताओं ने कहा कि साइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि बेटियों के आत्मविश्वास, सम्मान और स्वतंत्रता का प्रतीक है। यह योजना शिक्षा और रोजगार के रास्ते में आने वाली दूरी जैसी बाधाओं को कम कर छात्राओं को अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करती है। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।