
सरपंच माधुरी निषाद बोलीं— बेहतर संसाधनों से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मिलेगा सहयोग, बच्चों को मिलेगा गुणवत्तापूर्ण भोजन
जामगांव आर। ग्राम पंचायत अकतई ने बच्चों के पोषण और आंगनबाड़ी केंद्रों की सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। सोमवार को ग्राम पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अकतई, चारभाठा और रीवागहन के आंगनबाड़ी केंद्रों को भोजन निर्माण में उपयोग होने वाली आवश्यक रसोई सामग्री वितरित की गई। इस दौरान केंद्रों को टिन, कड़ाही, चम्मच, मग्गा, कुकर, थाली सहित अन्य आवश्यक किचन सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ भोजन तैयार करने में सुविधा होगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सरपंच श्रीमती माधुरी नरोत्तम निषाद ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा की मजबूत नींव हैं। केंद्रों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता से कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में पंचायत सचिव कामता प्रसाद पटेल, उपसरपंच श्रीमती दीपा मार्कण्डे, यमुना ठाकुर, कलेश्वरी, देवेंद्र कुमार साहू, हरीश साहू, देवराज ठाकुर, बुधीयारिन बाई ठाकुर, पुष्पा सिन्हा, उषा रात्रे, पीतांबर मार्कण्डे, मनोज मंडावी, पुष्पा साहू, जीधन साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अकतई की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती पुष्पा चंद्राकर, चारभाठा की श्रीमती द्रौपदी मार्कण्डे तथा रीवागहन की श्रीमती शारदा उइके ने ग्राम पंचायत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई रसोई सामग्री मिलने से बच्चों के लिए भोजन बनाने और केंद्र के संचालन में काफी सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में अलख मार्कण्डे सहित अनेक ग्रामीण नागरिक भी मौजूद रहे।