रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी कामकाज में लापरवाही और विभागीय निर्देशों की अनदेखी करने वाले जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) के खिलाफ लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने बड़ी कार्रवाई की है। VSK (विद्या समीक्षा केंद्र) ऐप से संबंधित जानकारी निर्धारित प्रारूप में गूगल शीट पर अपडेट नहीं करने के मामले में प्रदेश के 19 जिला शिक्षा अधिकारियों के नवंबर 2026 के वेतन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का आदेश जारी किया गया है।
जानकारी के अनुसार, VSK ऐप से संबंधित आवश्यक डेटा गूगल शीट में अपडेट करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारियों को पहले भी कई बार निर्देशित किया गया था। इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा निर्धारित समय-सीमा में जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई। विभाग की ओर से बार-बार स्मरण पत्र जारी किए जाने के बाद भी निर्देशों का पालन नहीं होने पर DPI ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए सख्त कदम उठाया है।
लोक शिक्षण संचालनालय ने इस कार्यप्रणाली को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन की श्रेणी में मानते हुए संबंधित 19 अधिकारियों के वेतन आहरण पर रोक लगाने का निर्देश दिया है। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। विभागीय कामकाज में जवाबदेही सुनिश्चित करने और शासन के निर्देशों के समयबद्ध पालन को लेकर DPI का यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब देखना होगा कि संबंधित अधिकारी कब तक लंबित डेटा अपडेट कर विभागीय निर्देशों का पालन सुनिश्चित करते हैं।