रायपुर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: जिंदा पैंगोलिन के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार, 50 करोड़ में कर रहे थे सौदा

रायपुर | राजधानी रायपुर में वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जिंदा पैंगोलिन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को सौदेबाजी के दौरान धर दबोचा गया। वन विभाग ने पैंगोलिन को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है और फिलहाल उससे जुड़ी जांच जारी है। वन परिक्षेत्र अधिकारी दीपक तिवारी के अनुसार विभाग को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति पैंगोलिन को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं और बाजार में उसकी डील कर रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर कार्रवाई की योजना बनाई। आरोपियों की लोकेशन भाठागांव स्थित रावण भाटा मैदान के पास मिली। वन विभाग के कुछ कर्मचारी सादे कपड़ों में आरोपियों के पास पहुंचे और ग्राहक बनकर बातचीत शुरू की।

बातचीत के दौरान आरोपियों ने पैंगोलिन की कीमत करीब 50 करोड़ रुपए बताई। इसके बाद जब उनसे जानवर दिखाने को कहा गया तो वे पास की एक झोपड़ी में ले गए, जहां पैंगोलिन को छिपाकर रखा गया था। मौके पर मौजूद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और पैंगोलिन को सुरक्षित कब्जे में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्यारेलाल गोपचे और गोखन हलदार के रूप में हुई है, जो क्रमशः बालाघाट और कांकेर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्होंने पैंगोलिन का शिकार कैसे किया, इससे पहले कितनी बार इस तरह की तस्करी में शामिल रहे हैं और क्या उनके पीछे कोई संगठित नेटवर्क काम कर रहा है। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *