
YC न्यूज़ डेस्क । भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पद संभालने के 209 दिन बाद सोमवार को अपनी 65 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। नई टीम में कई पुराने नेताओं की वापसी के साथ संगठन में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और राम माधव को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि भाजपा आईटी सेल के प्रभारी अमित मालवीय की जगह दीपक म्हस्के को नया प्रमुख बनाया गया है। नितिन नवीन की नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 महासचिव, 16 सचिव और 28 सदस्य शामिल हैं। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष अपने पद पर बने रहेंगे। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी बरकरार रखी गई है।
छह साल बाद राम माधव की वापसी
राम माधव की करीब छह साल बाद भाजपा की राष्ट्रीय टीम में वापसी हुई है। उन्हें राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। इससे पहले वे 2014 से 2020 तक भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव रहे थे। 2021 में वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में लौट गए थे। स्मृति ईरानी को भी राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। 2024 के लोकसभा चुनाव में अमेठी से हार के बाद वे केंद्रीय मंत्रिमंडल से बाहर हो गई थीं। इसके बावजूद पार्टी के संगठनात्मक और चुनावी अभियानों में उनकी सक्रियता बनी रही। पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान उन्होंने पार्टी के प्रचार अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
अमित मालवीय की जगह प्रोफेसर दीपक म्हस्के
भाजपा ने आईटी सेल में भी बड़ा बदलाव किया है। अमित मालवीय की जगह दीपक म्हस्के को आईटी सेल का नया प्रमुख बनाया गया है। म्हस्के की पहचान केवल राजनीतिक संगठनकर्ता के रूप में नहीं है। वे केमिस्ट्री के प्रोफेसर रह चुके हैं और चुनावी आंकड़ों के विश्लेषण, कृषि, सरकारी योजनाओं तथा सार्वजनिक क्षेत्र से जुड़े काम का अनुभव रखते हैं। पार्टी में डिजिटल प्रचार और चुनावी डेटा की बढ़ती भूमिका के बीच म्हस्के की नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
यूपी से दो मुस्लिम चेहरों को जगह
नई राष्ट्रीय टीम में उत्तर प्रदेश से दो मुस्लिम नेताओं तारिक मंसूर और बासित अली को शामिल किया गया है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश से कुल आठ सदस्यों को राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। पार्टी की नई टीम में कुल 12 महिलाओं को जिम्मेदारी दी गई है। इनमें वसुंधरा राजे, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन दोशी, डॉ. भारती पवार और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। स्मृति ईरानी को महासचिव, जबकि कविता पाटीदार, फांग्नोन कोन्यक और संगीता यादव को सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा अध्यक्ष और प्रीति गांधी को सोशल मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है।
पीयूष गोयल फिर बने राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष
पीयूष गोयल को एक बार फिर राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। गोयल इससे पहले भी भाजपा के कोषाध्यक्ष रह चुके हैं। हालांकि वे फिलहाल केंद्र सरकार में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री हैं। ऐसे में भाजपा की ‘एक व्यक्ति, एक पद’ की परंपरा को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पार्टी की ओर से फिलहाल उनके मंत्री पद को लेकर कोई संकेत नहीं दिया गया है।
नितिन नवीन की टीम में नए चेहरों पर जोर
नितिन नवीन ने 20 जनवरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभाला था। 45 वर्ष की उम्र में वे भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। उन्होंने जेपी नड्डा की जगह पार्टी की कमान संभाली थी। नई राष्ट्रीय टीम में पुराने अनुभवी नेताओं के साथ कई नए चेहरों को भी जगह दी गई है। पार्टी की नई कार्यकारिणी की पहली बैठक 22 अगस्त को दिल्ली में होने वाली है। इस बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों और चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा होने की संभावना है।