
समग्र शिक्षक फेडरेशन की वार्ता के बाद जारी हुए निर्देश, तकनीकी खामियों के समाधान तक शिक्षकों को राहत
रायपुर। छत्तीसगढ़ में VSK ऐप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर शिक्षकों के बीच बनी वेतन कटौती की आशंका फिलहाल समाप्त हो गई है। स्कूल शिक्षा विभाग ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जुलाई माह में किसी भी शिक्षक के वेतन में VSK ऐप की तकनीकी समस्याओं के आधार पर कटौती नहीं की जाएगी। विभाग के इस निर्णय का छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन ने स्वागत करते हुए इसे शिक्षकों के हित में लिया गया महत्वपूर्ण फैसला बताया है।
फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) के संचालक ऋतुराज रघुवंशी तथा VSK प्रभारी हिमांशु भारती से मुलाकात कर ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली में आ रही तकनीकी समस्याओं और उससे उत्पन्न वेतन कटौती की आशंकाओं पर विस्तार से चर्चा की थी। इसके बाद शिक्षा विभाग ने निर्देश जारी कर स्पष्ट कर दिया कि जुलाई माह में किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा।
फेडरेशन ने इस निर्णय के लिए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव तथा स्कूल शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राठौर ने कहा कि विभाग ने शिक्षकों की वास्तविक समस्याओं को गंभीरता से समझते हुए सकारात्मक निर्णय लिया है। फेडरेशन ने स्पष्ट किया कि वह ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था का विरोध नहीं करता, बल्कि VSK ऐप में मौजूद तकनीकी खामियों को दूर करने की मांग कर रहा है। संगठन का कहना है कि हजारों शिक्षकों ने नेटवर्क और तकनीकी दिक्कतों को लेकर आवेदन दिए हैं, जिन पर विभाग ने जांच के बाद ही किसी भी प्रकार की कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
बैठक में TET से जुड़े विषयों सहित सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति, पुरानी सेवा की गणना और तकनीकी समस्याओं के समाधान तक ऑफलाइन उपस्थिति के आधार पर वेतन भुगतान जैसे मुद्दे भी उठाए गए। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शिक्षकों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
फेडरेशन की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राठौर, प्रदेश संयोजक मनीष मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष बसंत कौशिक, प्रदेश प्रवक्ता हुलेश चंद्राकर, प्रदेश सचिव राजू टंडन, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र हरमुख सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।