होली से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन: इंस्टाग्राम-फेसबुक पर हथियार लहराने वाले 27 युवक चिह्नित, 2 पर आर्म्स एक्ट

दुर्ग-भिलाई। होली पर्व से पहले सोशल मीडिया पर तलवार, चाकू और अन्य धारदार हथियारों के साथ फोटो-वीडियो अपलोड कर दहशत फैलाने वालों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। जिले में चलाए गए विशेष अभियान के तहत इंस्टाग्राम और फेसबुक पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले 27 युवकों की पहचान की गई। इनमें से दो आरोपियों के खिलाफ Arms Act के तहत थाना छावनी में अपराध दर्ज किया गया है, जबकि अन्य के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई है।

ऑनलाइन मंगाए हथियार, बनाए रील्स

तकनीकी सेल और एसीसीयू की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग में ऐसे कई अकाउंट सामने आए, जिनमें युवक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से धारदार हथियार मंगाकर उनके साथ फोटो और रील्स बनाकर अपलोड कर रहे थे। इन पोस्टों में खुलेआम हथियार लहराए जा रहे थे, जिससे आम लोगों में भय का माहौल बन रहा था। जांच में पता चला कि कुछ युवकों ने होली से पहले ‘रुतबा’ और ‘स्टेटस सिंबल’ दिखाने के लिए हथियारों के साथ तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किए थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को ट्रेस कर संबंधित थाना क्षेत्रों में तस्दीक की कार्रवाई की।

छावनी थाना में केस दर्ज, 300 लोगों को समझाइश

थाना छावनी क्षेत्र में दो आरोपियों के पास से धारदार हथियार जब्त किए गए। इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। अन्य मामलों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने करीब 300 युवकों और उनके अभिभावकों को थाने बुलाकर समझाइश दी कि अवैध हथियार खरीदना, रखना और सोशल मीडिया पर प्रदर्शन करना गंभीर अपराध है। नाबालिगों द्वारा अपलोड की गई आपत्तिजनक पोस्ट उनके परिजनों की मौजूदगी में डिलीट करवाई गईं।

इन थाना क्षेत्रों में सबसे ज्यादा मामले

सबसे ज्यादा 6 मामलों में कार्रवाई छावनी थाना क्षेत्र में हुई। इसके अलावा मोहन नगर में 4, जामुल में 3, कोतवाली दुर्ग और मोहन नगर में 2-2, जबकि सुपेला, भिलाई नगर, नेवई, पुरानी भिलाई, उतई, नंदिनी नगर और धमधा में 1-1 युवक पर कार्रवाई की गई।

आगे भी जारी रहेगी सख्ती

एएसपी ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा ने कहा कि जिले में अवैध हथियार रखने, ऑनलाइन मंगाने या सोशल मीडिया पर उनका प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार की आड़ में दहशत फैलाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *