CG BIG BREAKING: NH-30 पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 400 किलो से ज्यादा गांजा जब्त, 5 तस्कर गिरफ्तार

CG BIG BREAKING: NH-30 पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 400 किलो से ज्यादा गांजा जब्त, 5 तस्कर गिरफ्तार

कार और पिकअप में छिपाकर ले जाया जा रहा था मादक पदार्थ, करोड़ों की खेप पकड़ तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 400 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर की गई इस कार्रवाई में एक नाबालिग सहित पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। बरामद गांजे की कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार अर्जुनी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जगदलपुर से रायपुर की ओर कार और पिकअप वाहन के जरिए भारी मात्रा में गांजा तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने धमतरी-कांकेर एनएच-30 स्थित श्यामतराई वन विभाग जांच नाका के पास घेराबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया।

जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर एक कार और एक पिकअप वाहन को रोका। तलाशी लेने पर दोनों वाहनों से अलग-अलग पैकेटों में भरा हुआ 400 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ। इसके बाद मौके पर मौजूद पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह जिले में हाल के वर्षों की सबसे बड़ी मादक पदार्थ विरोधी कार्रवाइयों में से एक है। प्रारंभिक जांच में अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आरोपियों के अन्य राज्यों से संबंध, गांजे की आपूर्ति श्रृंखला और पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।

गौरतलब है कि धमतरी पुलिस इससे पहले भी सिहावा वनांचल सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाकर गांजा तस्करों पर शिकंजा कसती रही है। ताजा कार्रवाई के बाद तस्करी से जुड़े गिरोहों में हड़कंप मच गया है।पुलिस का कहना है कि मामले में विस्तृत खुलासा जल्द किया जाएगा और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *