युवा कांग्रेस चुनाव में पाटन बना सियासी रणक्षेत्र : भूपेश बनाम देवेंद्र गुट आमने-सामने, जामगांव आर की सभा से बढ़ी राजनीतिक हलचल

युवा कांग्रेस चुनाव में पाटन बना सियासी रणक्षेत्र  : भूपेश बनाम देवेंद्र गुट आमने-सामने, जामगांव आर की सभा से बढ़ी राजनीतिक हलचल

जामगांव आर@मनीष चंद्राकर, 08जून 2026। युवा कांग्रेस संगठन चुनाव की आहट के साथ ही दुर्ग ग्रामीण और विशेष रूप से पाटन विधानसभा क्षेत्र की राजनीति गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के प्रभाव वाले पाटन क्षेत्र में विधायक देवेंद्र यादव समर्थक खेमे की सक्रियता ने कांग्रेस के अंदरूनी समीकरणों को नई दिशा दे दी है। राजनीतिक गलियारों में इसे युवा कांग्रेस चुनाव के बहाने भूपेश और देवेंद्र गुट के बीच शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, पाटन विधानसभा क्षेत्र में भूपेश समर्थक खेमे से विपिन चंद्राकर के नाम की चर्चा चल रही है, जबकि विधायक देवेंद्र यादव ने ग्राम मर्रा निवासी सौरभ कामड़े को आगे बढ़ाकर अपने राजनीतिक इरादे स्पष्ट कर दिए हैं। इसी रणनीति के तहत रविवार को दक्षिण पाटन के जामगांव आर में एक बड़ी सभा आयोजित की गई, जिसने पूरे क्षेत्र का राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया। सभा में पूर्व मंत्री रूद्र गुरु की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उपस्थिति दर्ज की गई, हालांकि राजनीतिक जानकारों का कहना है कि भीड़ में पाटन विधानसभा क्षेत्र से बाहर के कार्यकर्ताओं की संख्या अधिक दिखाई दी। वहीं भूपेश बघेल समर्थक कई प्रमुख स्थानीय कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी, जिससे गुटीय खींचतान की चर्चाओं को और बल मिला।

• पाटन में देवेंद्र गुट की दस्तक या शक्ति परीक्षण?

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पाटन विधानसभा लंबे समय से भूपेश बघेल का मजबूत राजनीतिक गढ़ रही है। ऐसे में युवा कांग्रेस चुनाव के दौरान देवेंद्र यादव का सीधे पाटन क्षेत्र में सक्रिय होकर उम्मीदवार के पक्ष में माहौल बनाना केवल संगठनात्मक गतिविधि नहीं, बल्कि राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है। जामगांव आर की सभा को लेकर कांग्रेस के भीतर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। एक पक्ष इसे युवा नेतृत्व को आगे लाने की पहल बता रहा है, जबकि दूसरा पक्ष इसे आगामी राजनीतिक समीकरणों को साधने की कवायद मान रहा है।

जामगांव आर की सभा में.सौरभ कामड़े समेत कई युवा चेहरे रहे सक्रिय

सभा को संबोधित करते हुए विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि “युवा कांग्रेस पार्टी की रीढ़ है। संघर्षशील युवाओं को आगे आकर संगठन से जुड़ना चाहिए। नौजवानों की टीम को मजबूत करने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को सहयोग देना होगा। उन्होंने युवा नेतृत्व को संगठन की ताकत बताते हुए चुनाव में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। मंच पर अमनदीप सिंह, उपाध्यक्ष जिला दुर्ग ग्रामीण युवा कांग्रेस,जुल्फिकार सिद्दीकी, प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस नेतराम साहू, उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस भिलाई
दीपांशु यादव, यूँका उपाध्यक्ष, सौरभ कामड़े, कुंदन सिन्हा, विक्रमादित्य साहू,शुभम वर्मा, जुल्फी खान,,समीर उमरे, गिरीश कोसले,विनोद यादव,चित्रेश साहू,दक्ष सेठ,अभिनव वर्मा,मनीष साहू,रोशन मिथलेशसोनू साहू,तेज साहू,थम्मन चंद्राकर,भोज ठाकुर,प्रशांत वर्मा,पारुल वर्मा,ताराचंद हरिवंश,भैयाराम यादव,गुलाहन बघेल,पीलू साहू,संजय चंद्राकर,लोकेन्द्र सूर्यवंशी, कामता साहू,नरेंद्र यादव,उमेश साहू आदि सक्रिय दिखे।

° बढ़ेगी गुटीय प्रतिस्पर्धा-

युवा कांग्रेस चुनाव में प्रत्याशियों की घोषणा के साथ ही दुर्ग ग्रामीण जिले में भूपेश और देवेंद्र समर्थक खेमों के बीच सीधी टक्कर के संकेत मिलने लगे हैं। पाटन क्षेत्र की गतिविधियों पर अब पूरे जिले की नजर है, क्योंकि यहां का राजनीतिक संदेश युवा कांग्रेस चुनाव से आगे जाकर कांग्रेस के भविष्य के शक्ति संतुलन को भी प्रभावित कर सकता है। यही वजह है कि जामगांव आर की सभा को केवल संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पाटन की राजनीतिक जमीन पर बढ़ती गुटीय सक्रियता के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में यह मुकाबला और अधिक दिलचस्प होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *