SBI में 2.78 करोड़ का बड़ा घोटाला, सस्पेंस अकाउंट से अवैध ट्रेडिंग करने वाला चीफ मैनेजर गिरफ्तार

रायपुर, 18 दिसंबर 2025। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) से जुड़े एक बड़े वित्तीय घोटाले का खुलासा हुआ है। बैंक की स्पेशलाइज्ड करेंसी मैनेजमेंट शाखा (SCAB), रायपुर के चीफ मैनेजर विजय कुमार आहके को इंटरनल सस्पेंस अकाउंट का दुरुपयोग कर करोड़ों रुपये की अवैध निकासी और ट्रेडिंग करने के आरोप में एंटी करप्शन ब्यूरो/आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने गिरफ्तार किया है।

आरोपी पर आरोप है कि उसने बैंक के अत्यंत संवेदनशील इंटरनल ऑफिस सस्पेंस अकाउंट से करीब 2 करोड़ 78 लाख 25 हजार 491 रुपये की अवैध निकासी कर उसे क्रिप्टो करेंसी, ऑप्शन और कमोडिटी ट्रेडिंग में लगाया। यह घोटाला लगभग आठ महीनों की अवधि में योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया। भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय, रायपुर की शिकायत पर 17 दिसंबर 2025 को अपराध क्रमांक 67/2025 दर्ज किया गया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।

प्रकरण दर्ज होने के बाद EOW द्वारा आरोपी के रायपुर स्थित निवास पर तलाशी ली गई, जहां से बैंकिंग लेन-देन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी ने सस्पेंस अकाउंट की फर्जी एंट्री कर ‘रोलओवर’ किया, ताकि बैंकिंग सिस्टम में कोई अलर्ट न आए और रेड फ्लैग इंडिकेटर (RFI) को बायपास किया जा सके।

जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपी ने गबन की गई राशि अपने और अपनी पत्नी के बैंक खातों में ट्रांसफर करवाई तथा ‘घन ऐप’ और ‘डेल्टा एक्सचेंज’ जैसे प्लेटफॉर्म के माध्यम से जोखिम भरी ट्रेडिंग में निवेश किया। 18 दिसंबर 2025 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। EOW ने संकेत दिए हैं कि मामले में अन्य बैंक अधिकारियों या कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फिलहाल प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *