दुर्ग। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने एवं कला, संस्कृति और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित छत्तीसगढ़ युवा उत्सव वर्ष 2025-26 के अंतर्गत पाटन ब्लॉक ग्राम पंचायत सेलूद में भव्य युवा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम शुक्रवार, 19 दिसंबर 2025 को प्रातः 10:00 बजे से आयोजित होगा। युवा उत्सव का उद्देश्य राज्य के युवाओं को लोककला, लोकसंस्कृति, संगीत, नृत्य, नाटक, चित्रकला एवं अन्य रचनात्मक विधाओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करना है। इस आयोजन के माध्यम से ग्रामीण अंचलों की छुपी हुई प्रतिभाओं को सामने लाने के साथ-साथ युवाओं में सांस्कृतिक चेतना और आत्मविश्वास का विकास किया जाएगा।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार आयोजन में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों की आयु वर्ग 15 से 29 वर्ष तक होना चाहिए। प्रतिभागियों को अपने आधार कार्ड एवं मोबाइल नंबर के साथ जिला स्तर पर पंजीकरण कराना होगा। पंजीयन की अंतिम तिथि 18 दिसंबर 2025 है और आयोजन तिथि 19 दिसंबर 2025 को समय प्रातः 9 बजे सेजस सेलूद, पाटन में होगा। स्पर्धा प्रभारी श्री पोखन लाल साहू मोबाइल नंबर 9301415506 है।जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। वहीं, भारत सरकार द्वारा निर्धारित विधाओं (लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, वाद-विवाद एवं कविता लेखन) में चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय युवा उत्सव में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय युवा उत्सव 10 से 12 जनवरी 2026 को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।विकासखंड दुर्ग के प्रतिभागी नोडल अधिकारी श्री अशोक रिगरी (मो. 9229575220, 8770527628) तथा विकासखंड धमधा के प्रतिभागी श्री शिव रजक (मो. 9165441844) से संपर्क कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग, रविशंकर स्टेडियम, दुर्ग कार्यालय या प्रशिक्षक श्री भूपेन्द्र हिरवानी (मो. 9584078910) से संपर्क किया जा सकता है।
कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के युवा कलाकार भाग लेंगे और अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को लेकर क्षेत्र के युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि आयोजन सफल और यादगार बन सके। खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला दुर्ग के सहायक संचालक ने जिले के समस्त युवाओं, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर युवा उत्सव में सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव युवाओं के सर्वांगीण विकास और सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।