डॉ. चरणदास महंत का बड़ा बयान—“बीजेपी में रहकर भी कांग्रेस की मदद करते हैं बृजमोहन अग्रवाल”

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने वरिष्ठ भाजपा नेता और सांसद बृजमोहन अग्रवाल को लेकर बड़ा और चौंकाने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बृजमोहन अग्रवाल भाजपा में रहते हुए भी कांग्रेस की मदद करते हैं और आगे भी करते रहेंगे। छत्तीसगढ़ संघर्ष परिषद के एक कार्यक्रम में बृजमोहन अग्रवाल के साथ मंच साझा करने को लेकर पूछे गए सवाल पर डॉ. महंत ने कहा कि बृजमोहन अग्रवाल के कांग्रेस से पुराने और अच्छे संबंध रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “वो कांग्रेस के भी काम आते हैं और बीजेपी के भी।”

नेता प्रतिपक्ष से जब यह सवाल किया गया कि क्या बृजमोहन अग्रवाल भविष्य में कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं, तो इस पर डॉ. महंत ने कहा कि कांग्रेस की मदद करने के लिए किसी का पार्टी में आना जरूरी नहीं है। उन्होंने कहा, “वो बीजेपी में रहते हुए भी हमारी मदद करते हैं, करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।” राजनीति को शतरंज के खेल से जोड़ते हुए डॉ. महंत ने कहा कि राजनीति में हर चाल सोच-समझकर चली जाती है। उन्होंने कहा कि राजनीति शतरंज की बिसात जैसी है, जहां कहीं ढाई घर चलना होता है और कहीं हाथी पर सवार होकर लंबी चाल चलनी पड़ती है। एक कुशल खिलाड़ी जानता है कि कहां किसे मात देनी है और कहां किसकी मदद लेनी है।
डॉ. महंत के इस बयान को प्रदेश की राजनीति में नए संकेत के तौर पर देखा जा रहा है, जिससे सियासी हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *