भिलाई में गणतंत्र दिवस रैली में स्टंटबाजों की एंट्री से हंगामा, पुलिस कार्रवाई के बाद भाजयुमो ने थाने के बाहर की नारेबाजी

दुर्ग-भिलाई। गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को भिलाई के सेक्टर-6 स्थित लाल मैदान में उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब बाइक रैली के लिए एकत्रित भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं के बीच कुछ स्टंटबाज युवक पहुंच गए। स्टंटबाजी को लेकर पुलिस के हस्तक्षेप के बाद बहस और मारपीट के आरोप लगे, जिसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। जानकारी के अनुसार, भाजयुमो कार्यकर्ता सड़क सुरक्षा माह के तहत हेलमेट वितरण और बाइक रैली की तैयारी के लिए लाल मैदान में जुटे थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचकर बाइक से स्टंट करने लगे। स्टंटबाजी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। भाजयुमो पदाधिकारियों का कहना है कि पुलिस के पहुंचते ही स्टंटबाज युवक वहां से भाग गए, लेकिन इस दौरान पुलिस और कुछ कार्यकर्ताओं के बीच बहस हो गई। आरोप है कि इस झड़प में एक कार्यकर्ता को चोट भी आई। इसके बाद पुलिस कुछ युवकों को अपने साथ भिलाई नगर थाने ले गई।
घटना की जानकारी मिलते ही भाजयुमो के करीब 100 कार्यकर्ता भिलाई नगर थाने पहुंच गए और थाने के बाहर नारेबाजी शुरू कर दी। सूचना मिलने पर भिलाई नगर सीएसपी मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया।

भाजयुमो पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शुरुआत में आशंका जताई गई थी कि मारपीट में शामिल व्यक्ति पुलिसकर्मी है, लेकिन बाद में पहचान होने पर यह साफ हो गया कि संबंधित व्यक्ति पुलिस से जुड़ा नहीं था। इसके बाद भाजयुमो की ओर से अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ थाने में आवेदन दिया गया। भाजयुमो जिला अध्यक्ष सौरभ जायसवाल ने बताया कि रैली में शामिल कार्यकर्ताओं के बीच कुछ स्टंटबाज घुस आए थे, जिससे भ्रम और अव्यवस्था की स्थिति बनी। उन्होंने कहा कि बाद में स्थिति स्पष्ट होने पर संगठन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। वहीं, सीएसपी भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर हर साल स्टंटबाजी की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने पहले से ही शहर के छह स्थानों पर टीमें तैनात की थीं। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बिना अनुमति रैली निकालने पर प्रतिबंध और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अनिवार्यता को लेकर समझाइश दी। उन्होंने कहा कि कुछ देर के लिए अप्रिय स्थिति बनी थी, जिसे बाद में नियंत्रित कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *