‘ऑपरेशन तलाश’ में बड़ी सफलता: दुर्ग पुलिस ने 13 दिनों में 192 गुमशुदा लोगों को खोजकर परिजनों से मिलाया

दुर्ग-भिलाई | दुर्ग जिले में गुमशुदा लोगों की तलाश के लिए चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन तलाश” में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। महज 13 दिनों के भीतर पुलिस ने 192 गुमशुदा लोगों को खोज निकाला और उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। यह अभियान 1 अप्रैल 2026 से 13 अप्रैल 2026 तक चलाया गया, जिसे छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में संचालित किया गया। अलग-अलग टीमों का गठन कर लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिससे कम समय में बड़ी संख्या में लोगों को खोजा जा सका। पुलिस के अनुसार बरामद किए गए लोगों में 5 बच्चे, 9 बच्चियां, 127 महिलाएं और 51 पुरुष शामिल हैं। सभी को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया है और अधिकांश को उनके परिवारों से मिलाया जा चुका है।

तकनीक और समन्वय से मिली सफलता
अभियान के दौरान पुलिस ने आधुनिक तकनीकों का व्यापक उपयोग किया। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर गुमशुदा लोगों तक पहुंच बनाई गई। कई मामलों में अन्य जिलों और राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय कर तेजी से कार्रवाई की गई।

दूसरे राज्यों तक पहुंची टीमें
पुलिस टीमों ने शहर के साथ-साथ आसपास के इलाकों और अन्य राज्यों में भी जाकर तलाश अभियान चलाया। हर सुराग को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की गई, जिससे गुमशुदा लोगों का पता लगाने में सफलता मिली। अधिकारियों के मुताबिक कई लोग व्यक्तिगत कारणों से घर छोड़कर चले गए थे, जबकि कुछ मामलों में परिजनों को लंबे समय से उनकी कोई जानकारी नहीं मिल रही थी। पुलिस के प्रयासों से सभी को सुरक्षित खोजकर वापस लाया गया।

गुमशुदा लोगों के अपने परिवारों से मिलने पर कई भावुक पल भी देखने को मिले। पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि हर गुमशुदा व्यक्ति को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *