
बेमेतरा। जिले के साजा तहसील अंतर्गत डोंगी तराई क्षेत्र में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोर पटवारी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी की पहचान ओमकार सोनवानी के रूप में हुई है, जो जमीन बंटवारे के मामले में किसान से 15 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था। जानकारी के मुताबिक किसान नरोत्तम अपनी पैतृक जमीन के बंटवारे की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए लंबे समय से राजस्व विभाग के चक्कर काट रहा था। आरोप है कि दस्तावेजी प्रक्रिया आगे बढ़ाने और बंटवारे का काम कराने के बदले पटवारी ओमकार सोनवानी ने उससे रिश्वत की मांग की थी।
लगातार पैसों की मांग से परेशान किसान ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की। शिकायत की प्राथमिक जांच के बाद ACB ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। तय रणनीति के तहत किसान रिश्वत की रकम लेकर आरोपी पटवारी के पास पहुंचा। जैसे ही पटवारी ने 15 हजार रुपए लिए, मौके पर पहले से मौजूद ACB टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई। ACB अधिकारी आरोपी पटवारी से पूछताछ कर रहे हैं। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार ACB अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी लोगों से अवैध वसूली करता था या नहीं। मामले में अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा सकती है। प्रदेश में लगातार भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई हो रही है, लेकिन इसके बावजूद रिश्वतखोरी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन संबंधी कामों के लिए लोगों को अब भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।