छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल को लेकर सरकार का बड़ा बयान: “घबराने की जरूरत नहीं, भरपूर है ईंधन का स्टॉक”

छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल को लेकर सरकार का बड़ा बयान: “घबराने की जरूरत नहीं, भरपूर है ईंधन का स्टॉक”

राज्य में 3.94 करोड़ लीटर पेट्रोल और 8.08 करोड़ लीटर डीजल उपलब्ध, अफवाहों से बचने की अपील

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर बड़ा बयान जारी करते हुए साफ किया है कि प्रदेश में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है। सरकार ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह या भ्रम में आकर पैनिक खरीदी और अतिरिक्त संग्रहण न करें। राज्य में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बताई गई है। खाद्य विभाग के मुताबिक वर्तमान में प्रदेश में 3 करोड़ 94 लाख 7 हजार 700 लीटर पेट्रोल और 8 करोड़ 8 लाख 83 हजार लीटर डीजल का स्टॉक उपलब्ध है। राज्यभर में कुल 2516 पेट्रोल पंप संचालित हो रहे हैं, जहां नियमित रूप से सप्लाई की जा रही है। सरकार ने बताया कि रबी फसल की कटाई और खरीफ सीजन की तैयारी के चलते डीजल की मांग बढ़ी है। इसे देखते हुए ऑयल कंपनियों के लखौली और मंदिर हसौद (रायपुर) तथा गोपालपुर (कोरबा) स्थित डिपो से जिलों को लगातार आवश्यकतानुसार सप्लाई भेजी जा रही है।

खाद्य विभाग के अनुसार केवल 22 मई 2026 को ही प्रदेश को 21 लाख 83 हजार लीटर पेट्रोल और 1 करोड़ 29 लाख 75 हजार लीटर डीजल प्राप्त हुआ है। इसके अलावा प्रतिदिन नियमित आपूर्ति जारी है, जिससे किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। ईंधन उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा के लिए 20 मई को खाद्य सचिव ने सभी ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक भी की थी। बैठक में निर्देश दिए गए कि जिन पेट्रोल पंपों में स्टॉक कम हो रहा हो, वहां तुरंत अतिरिक्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

इस बीच राज्य सरकार ने 22 मई 2026 से सभी पेट्रोल पंपों पर ड्रम और जरीकेन में पेट्रोल-डीजल देने पर रोक लगा दी है। हालांकि किसानों और कलेक्टर द्वारा चिन्हित अत्यावश्यक सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। सरकार ने कहा है कि जरूरत के अनुसार सभी उपभोक्ताओं को पेट्रोल और डीजल की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राज्य स्तर पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *