CG के चर्चित घोटालों में बड़ा ट्विस्ट ! फरार कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल जांच एजेंसी के शिकंजे में

CG के चर्चित घोटालों में बड़ा ट्विस्ट ! फरार कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल जांच एजेंसी के शिकंजे में

शराब, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग घोटाले के आरोपों से जुड़े सवालों का करेंगे सामना, बेटे से पूछताछ के बीच EOW पहुंचे

रायपुर, 8 जुलाई। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला, कोल लेवी घोटाला और कस्टम मिलिंग (चावल) घोटाले से जुड़े मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल बुधवार को आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) के कार्यालय पहुंचे। करीब तीन वर्षों से जांच एजेंसियों की नजर में रहे अग्रवाल के EOW पहुंचने के बाद उनसे पूछताछ शुरू कर दी गई है।

रामगोपाल अग्रवाल प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष और नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं। कस्टम मिलिंग घोटाले में समन जारी होने के बाद वे पहली बार जांच एजेंसी के समक्ष पेश हुए हैं। उनके सामने आने के बाद इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच एक बार फिर तेज होने के संकेत मिले हैं।

बेटे से पूछताछ के बीच पहुंचे EOW

सूत्रों के अनुसार, EOW पिछले दो दिनों से रामगोपाल अग्रवाल के बेटे वैभव अग्रवाल से लगातार पूछताछ कर रही है। मंगलवार को उनसे करीब छह घंटे तक पूछताछ की गई थी और बुधवार को भी पूछताछ जारी रही। इसी दौरान रामगोपाल अग्रवाल स्वयं EOW कार्यालय पहुंचे। माना जा रहा है कि जांच एजेंसी उनसे वित्तीय लेन-देन, दस्तावेजों और अन्य आरोपियों से जुड़े तथ्यों पर विस्तृत पूछताछ कर सकती है।

तीन बड़े मामलों में जांच के घेरे में

रामगोपाल अग्रवाल का नाम राज्य के चर्चित शराब घोटाला, कोल लेवी घोटाला और कस्टम मिलिंग (चावल) घोटाले की जांच के दौरान सामने आया है। इन मामलों की जांच आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) अपने-अपने स्तर पर कर रहे हैं।

पूछताछ के बाद होगी आगे की कार्रवाई

फिलहाल EOW कार्यालय में रामगोपाल अग्रवाल से पूछताछ जारी है। जांच एजेंसी पूछताछ के दौरान प्राप्त जानकारी, उपलब्ध दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई का निर्णय लेगी। इस घटनाक्रम पर राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों स्तरों पर नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *