
पंचायत बैठक में विवाद के बाद सचिव अरुण निर्मलकर को दी थी जान से मारने की धमकी, हाथ-मुक्कों से मारपीट कर पंचायत भवन का दरवाजा भी किया था क्षतिग्रस्त
जामगांव आर। पाटन ब्लॉक के ग्राम कुम्हली में पंचायत की बैठक के दौरान पंचायत सचिव के साथ मारपीट और पंचायत भवन में तोड़फोड़ के मामले में जामगांव आर पुलिस ने आरोपी पंच मोगन सपहा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए 3 नवंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 30 अक्टूबर 2026 की है। ग्राम पंचायत कुम्हली के सचिव अरुण कुमार निर्मलकर पंचायत की सामान्य बैठक में मौजूद थे। इसी दौरान पंच मोगन सपहा ने पंचायत संबंधी लेनदेन की जानकारी मांगी। सचिव द्वारा सरपंच के आने के बाद जानकारी देने की बात कहे जाने पर आरोपी कथित रूप से उग्र हो गया। उसने सचिव के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट कर चोट पहुंचाई।
• दरवाजा तोड़कर पहुंचाया नुकसान
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पंचायत भवन स्थित सरपंच-सचिव कक्ष के दरवाजे को लात मारकर तथा पंचायत भवन में रखे खराब सबमर्सिबल मोटर पंप से तोड़कर नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद पंचायत सचिव अरुण कुमार निर्मलकर की रिपोर्ट पर थाना जामगांव आर में अपराध क्रमांक 88/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
• तीन दिन बाद पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए जामगांव आर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मोगन सपहा (30 वर्ष), पिता संतोष सपहा, निवासी ग्राम कुम्हली को 3 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता एवं लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पहले सचिव संघ ने सौंपा था ज्ञापन
गौरतलब है कि घटना के बाद पंचायत सचिव संघ पाटन ने मामले को लेकर विरोध जताते हुए एसडीएम पाटन, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं एसडीओपी पाटन को ज्ञापन सौंपा था। संघ ने संबंधित पंच के विरुद्ध कार्रवाई करने के साथ पंचायत सचिवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई थी।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें। संयम बनाए रखें तथा हिंसा, गाली-गलौज और हथियारों के इस्तेमाल से बचें। किसी भी प्रकार की धमकी या हिंसक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।