
राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत भिलाई सिविक सेंटर शाखा पहुंचे भारत सरकार के अवर सचिव प्रवेश कुमार, स्मार्टफोन से जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया बताई
भिलाई, 3 नवंबर 2026। भारत सरकार के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग, नई दिल्ली द्वारा संचालित राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान के तहत बैंक ऑफ बड़ौदा की भिलाई सिविक सेंटर शाखा में पेंशनभोगियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के तहत भारत सरकार के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग के अवर सचिव प्रवेश कुमार ने 2 नवंबर को शाखा का दौरा किया और पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (Digital Life Certificate) जमा करने की फेस ऑथेंटिकेशन सुविधा की जानकारी दी। इस दौरान पेंशनभोगियों को बताया गया कि अब वे अपने स्मार्टफोन के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक का उपयोग कर घर बैठे ही डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। इस सुविधा से पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंक या अन्य कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम होगी। साथ ही समय और श्रम की बचत के साथ डिजिटल सेवाओं का लाभ भी आसानी से मिल सकेगा।
कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा रायपुर अंचल कार्यालय के सहायक महाप्रबंधक मधुसूदन कुमार एम., दुर्ग क्षेत्र के क्षेत्रीय वित्तीय समावेशन प्रभारी जीतू सिंह तोमर, भिलाई शाखा की अधिकारी एयरो फिलिसीटा सहित बैंक के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैंक अधिकारियों ने पेंशनभोगियों से इस डिजिटल सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की। साथ ही अन्य पेंशनभोगियों को भी फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।