बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर को एक आधुनिक एजुकेशनल हब में तब्दील करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अगुवाई में राज्य सरकार ने एक ऐतिहासिक पहल की है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर बिलासपुर एजुकेशनल सिटी की परिकल्पना साकार होने जा रही है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जाएगी और इसके लिए नगर पालिक निगम की लगभग 13 एकड़ भूमि का उपयोग प्रस्तावित है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि एजुकेशनल सिटी में नालंदा परिसर की तर्ज पर एक अत्याधुनिक अध्ययन केंद्र स्थापित किया जाएगा, जहां 500 छात्र-छात्राएं एक साथ फिजिकल और डिजिटल लाइब्रेरी का लाभ उठा सकेंगे। इसके अलावा, यहां तीन बहुमंजिला कोचिंग इमारतों का निर्माण होगा, जिनमें 48 हॉल सेटअप बनाए जाएंगे। इस व्यवस्था से एक साथ 4,800 विद्यार्थी कोचिंग क्लास अटेंड कर सकेंगे।
छात्रों के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए यहां 700 सीटों वाला ऑडिटोरियम, 1000 विद्यार्थियों के लिए हॉस्टल, खेल मैदान (एस्ट्रोटर्फ), हरित गार्डन, और मल्टी लेवल पार्किंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना की कार्य योजना पूरी हो चुकी है और निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा, “यह एजुकेशनल सिटी केवल बिलासपुर ही नहीं, पूरे छत्तीसगढ़ के छात्रों के लिए उच्च स्तरीय शिक्षा, तैयारी और व्यक्तिगत विकास का केंद्र बनेगी।”
बिलासपुर में पहले से ही एक केंद्रीय विश्वविद्यालय, दो विश्वविद्यालय, आठ महाविद्यालय और 100 से अधिक कोचिंग संस्थान संचालित हो रहे हैं, जिनमें करीब 50,000 छात्र-छात्राएं अध्ययन कर रहे हैं। यहां एसईसीएल का मुख्यालय और रेलवे डीआरएम कार्यालय भी स्थित है, जिससे यह शहर शिक्षा के साथ-साथ प्रशासनिक दृष्टि से भी राज्य का प्रमुख केंद्र बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने यह भी दोहराया कि, “छत्तीसगढ़ सरकार शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और बिलासपुर एजुकेशनल सिटी इस दृष्टिकोण का प्रमाण है। हमारी कोशिश है कि हर विद्यार्थी आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित वातावरण में अध्ययन कर सके और आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार कर सके।”
एजुकेशनल सिटी के प्रमुख आकर्षण:
- नालंदा परिसर: 500 विद्यार्थियों की अध्ययन क्षमता
- 3 बहुमंजिला कोचिंग बिल्डिंग: 4,800 विद्यार्थियों के लिए सेटअप
- डिजिटल और फिजिकल लाइब्रेरी
- 700 सीटों वाला आधुनिक ऑडिटोरियम
- 1,000 विद्यार्थियों के लिए हॉस्टल
- एस्ट्रोटर्फ खेल मैदान और ग्रीन जोन
- मल्टी लेवल पार्किंग सुविधा
बिलासपुर एजुकेशनल सिटी छत्तीसगढ़ में शिक्षा के क्षेत्र में एक नया अध्याय लिखने जा रही है, जो आने वाले वर्षों में न केवल इस क्षेत्र को नई पहचान दिलाएगी, बल्कि युवाओं को भी नया भविष्य प्रदान करेगी।