तीन तूफानों से तबाह फसल, किसानों को 65,100 रुपए प्रति एकड़ मुआवजा दे सरकार:PCC अध्यक्ष दीपक बैज ने धान खरीदी 15 दिन बढ़ाने की मांग उठाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बेमौसम बारिश और लगातार तीन चक्रवाती तूफानों से धान की फसल को हुए नुकसान को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रभावित किसानों को 65,100 रुपए प्रति एकड़ मुआवजा देने, धान खरीदी की अवधि 15 दिन बढ़ाने और खराब मौसम के कारण लैप्स हुए टोकन दोबारा जारी करने की मांग की है। रायपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में दीपक बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लाखों हेक्टेयर में धान की फसल प्रभावित हुई है, लेकिन सरकार ने अब तक नुकसान का व्यवस्थित आकलन कराने की पहल नहीं की है। उन्होंने कहा कि पिछले 24 दिनों में आए तीन चक्रवाती तूफानों ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। यह संकट ऐसे समय आया, जब खेतों में धान की फसल पककर तैयार थी। कई किसानों की कटी हुई फसल खेतों में पड़ी थी, जो बारिश में भीगकर खराब हो गई। वहीं, खरीदी केंद्रों तक पहुंचा धान भी बारिश से प्रभावित हुआ है।

21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से 65,100 रुपए मुआवजे की मांग

दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान उत्पादन और 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर के आधार पर 65,100 रुपए की क्षतिपूर्ति दी जाए। सरकार तत्काल फसल नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को मुआवजा उपलब्ध कराए, ताकि उन्हें आर्थिक संकट से राहत मिल सके।

लैप्स टोकन दोबारा जारी हों, खरीदी की अवधि भी बढ़े

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि खराब मौसम के कारण कई किसान लगातार तीन-चार दिनों तक धान खरीदी केंद्र नहीं पहुंच सके। ऐसे किसानों के पहले से जारी टोकन लैप्स हो गए। उन्होंने मांग की कि प्रभावित किसानों को बिना परेशानी दोबारा टोकन जारी किए जाएं। साथ ही मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और किसानों की समस्याओं को देखते हुए धान खरीदी की अंतिम तारीख 15 दिन आगे बढ़ाई जाए।

बस्तर के 1083 गांवों में नुकसान, 74 हजार से अधिक लोग प्रभावित

बैज ने दावा किया कि बस्तर क्षेत्र में तीन तूफानों के प्रभाव से 1083 गांवों के 74 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। यहां 6154 हेक्टेयर से ज्यादा फसल को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में लाखों हेक्टेयर धान की फसल प्रभावित हुई है। पहले आए अर्नव और मुरासू तूफानों से हुए नुकसान का भी सरकार ने सर्वे नहीं कराया। अब तीसरे तूफान अकवान ने किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

पटवारी हड़ताल पर सरकार को घेरा

फसल नुकसान के सर्वे को लेकर दीपक बैज ने पटवारी हड़ताल का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि तीनों तूफानों के दौरान पटवारी हड़ताल पर थे, जबकि फसल नुकसान का आकलन कराने में राजस्व अमले की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सरकार न तो हड़ताल समाप्त कराने में सफल रही और न ही नुकसान के सर्वे के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था कर पाई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों को राहत और क्षतिपूर्ति देने के प्रति गंभीरता नहीं दिखा रही है।

फसल बीमा और राजस्व पुस्तिका 6/4 से भी राहत देने की मांग

कांग्रेस ने फसल बीमा कंपनियों को तत्काल प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराकर किसानों को बीमा राशि का भुगतान करने के निर्देश देने की मांग की है। इसके साथ ही राजस्व पुस्तिका 6/4 के आपदा राहत प्रावधानों के तहत भी प्रभावित किसानों को क्षतिपूर्ति देने की बात कही है। कांग्रेस ने प्रत्येक विकासखंड में कृषि अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त कर फसल बीमा कंपनियों के कामकाज की निगरानी कराने की मांग भी उठाई है। कांग्रेस का कहना है कि प्राकृतिक आपदा से पहले ही परेशान किसानों को धान खरीदी की समय-सीमा और टोकन व्यवस्था के कारण अतिरिक्त परेशानी नहीं होनी चाहिए। सरकार को तत्काल सर्वे, मुआवजा और खरीदी की अवधि बढ़ाने जैसे फैसले लेकर किसानों को राहत देनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *