रायपुर, 24 फरवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तुत किए जा रहे राज्य के बजट को प्रदेश के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया है। उन्होंने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवीन विधानसभा भवन में प्रस्तुत होने जा रहा उनकी सरकार का यह तीसरा बजट विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण के विज़न को और अधिक मजबूती देगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का यह बजट समावेशी विकास, सुशासन और जनकल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाने वाला होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह बजट प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय संकल्प को केंद्र में रखते हुए छत्तीसगढ़ सरकार निरंतर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में कार्य कर रही है। किसानों, गरीबों, युवाओं, मातृशक्ति और आदिवासी समाज के सशक्तीकरण को सरकार ने सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। राज्य की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास जताया कि वित्त वर्ष 2026-27 का यह बजट प्रदेश के “सुशासन से समृद्धि” मॉडल को सशक्त आधार प्रदान करेगा और विकास की रफ्तार को और तेज करेगा। उन्होंने कहा कि बजट में बुनियादी ढांचे के विकास, रोजगार सृजन, कृषि उन्नयन, सामाजिक सुरक्षा और मानव संसाधन विकास पर विशेष जोर दिया जाएगा।