फेक AI वीडियो पर कांग्रेस का हल्ला बोल : पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की छवि धूमिल करने की साजिश का आरोप, कांग्रेस नेताओं ने कहा -2 दिन में कार्रवाई नहीं तो आंदोलन

दुर्ग। जिले में सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे फेक एवं आपत्तिजनक एआई जनरेटेड वीडियो को लेकर कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल और भिलाई नगर अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर के संयुक्त नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल से मुलाकात कर मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम पर कुछ आईडी के माध्यम से पार्टी के वरिष्ठ नेता, राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से भ्रामक और आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं।
जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए कहा कि इस तरह की हरकतें न केवल व्यक्तिगत चरित्र हनन का प्रयास हैं, बल्कि समाज में वैमनस्य फैलाने और राजनीतिक माहौल को विषाक्त करने की कोशिश भी हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता में भारी आक्रोश है।

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि संबंधित इंस्टाग्राम आईडी संचालकों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए, दोषियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाए, आपत्तिजनक वीडियो हटाकर आईडी को स्थायी रूप से प्रतिबंधित किया जाए तथा भविष्य में इस प्रकार के फेक और एआई जनित दुष्प्रचार पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी व्यापक जनआंदोलन के लिए बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। वहीं, एसपी विजय अग्रवाल ने 2 दिनों के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता शांत हुए। ।इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, भिलाई नगर अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, पूर्व विधायक अरुण वोरा, धर्मेंद्र यादव, नीरज पॉल, आर एन वर्मा, कृष्णा चंद्राकर, संजय कोहले, राजेश साहू, सीजू एंथोनी, कैलाश नाहटा, देवेंद्र देशमुख, संतोष बाफना, अब्दुल गनी, ओमप्रकाश जोशी, राहुल शर्मा, देव सिन्हा, विमल यादव, बृजमोहन तिवारी, द्वारिका साहू, सुरता सिंह गढ़े, पालेश्वर ठाकुर, लोचन यादव, मोहित वालदे, जय प्रकाश साहू, अभिषेक जांगड़े, सुमित नारंग, शिशिरकांत कसार, सुनीत घोष, हेमंत साहू, महेश्वरी, शिखा राय सिंह, राज पॉल, लेखराज पॉल, सुधांशु साहू, मनीष बघेल, पोषण साहू, कमलेश नगारची, शत्रु यादव, रितेश बंजारे, प्रमोद यादव, संदीप कुमार सहित सैकड़ो की संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *