
रायपुर । राजधानी रायपुर में शादी समारोह के दौरान कथित हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में भाजपा नेत्री एवं मंडी सदस्य मोनिका सिंह और उनके पति ऋतुपर्ण सिंह कथित तौर पर बंदूक से हवाई फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।जानकारी के मुताबिक यह वीडियो दो दिन पुराना बताया जा रहा है, जिसमें रायपुर के एक शादी समारोह के दौरान बारात में जश्न के बीच कथित हर्ष फायरिंग की जा रही है। वायरल फुटेज में मोनिका सिंह और उनके पति एक ही हथियार से अलग-अलग बार फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं। आसपास मौजूद लोग भी इस दौरान जश्न मनाते नजर आ रहे हैं।
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। यूजर्स सवाल उठा रहे हैं कि जब रायपुर में कमिश्नर प्रणाली लागू है और हर्ष फायरिंग पर प्रतिबंध है, तब खुलेआम इस तरह की घटना कैसे हुई। लोगों का कहना है कि आम नागरिकों पर तुरंत कार्रवाई होती है, लेकिन राजनीतिक प्रभाव वाले लोगों के मामले में पुलिस की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।
सूत्रों के अनुसार मोनिका सिंह और उनके पति ऋतुपर्ण सिंह का संबंध राजनीतिक रूप से प्रभावशाली लोगों से बताया जा रहा है। इसी वजह से सोशल मीडिया पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि मामले में कार्रवाई करने में देरी हो रही है।
इधर यह जानकारी भी सामने आई है कि ऋतुपर्ण सिंह बिलासपुर में चतुर्थ श्रेणी के शासकीय कर्मचारी हैं। ऐसे में सरकारी कर्मचारी द्वारा हथियार के उपयोग और कथित हर्ष फायरिंग को लेकर नई बहस छिड़ गई है। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसी था या नहीं। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। न ही किसी एफआईआर या कानूनी कार्रवाई की पुष्टि हुई है। वहीं कानून विशेषज्ञों का कहना है कि हर्ष फायरिंग जैसी घटनाएं कई बार जानलेवा साबित होती हैं, इसलिए इस पर सख्त कार्रवाई जरूरी है।