
रायपुर। रायपुर में करोड़ों रुपये की ज्वेलरी चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आने से व्यापारिक वर्ग और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। देर रात दो अज्ञात युवकों ने एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाते हुए सोने-चांदी के करोड़ों रुपये के आभूषण पार कर दिए। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक घटना शनिवार देर रात करीब 2:30 बजे की है। CCTV फुटेज में दो युवक संदिग्ध तरीके से दुकान के आसपास घूमते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद दोनों शातिर अंदाज में दुकान के भीतर दाखिल हुए और कुछ ही मिनटों में बड़ी मात्रा में जेवरात समेटकर फरार हो गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरी हुए जेवरों की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है। बताया जा रहा है कि दुकान में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और अधिकांश आभूषण खुले लॉकर में रखे गए थे, जिसका फायदा चोरों ने उठाया। मामले में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि घटना की सूचना पुलिस को दो दिन बाद क्यों दी गई। देर से शिकायत मिलने के कारण जांच की शुरुआती कार्रवाई प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार चोरी का तरीका हाल ही में रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में हुई एक अन्य बड़ी चोरी से मिलता-जुलता है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि दोनों वारदातों के पीछे एक ही गिरोह सक्रिय हो सकता है। पुलिस अब CCTV फुटेज, फिंगरप्रिंट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, नॉर्थ डीसीपी मयंक गुर्जर, क्राइम डीसीपी स्मृतिक राजनाला समेत एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण किया। वहीं व्यापारिक संगठनों ने शहर में लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।