बालोद में हेरोइन और देशी पिस्टल के साथ बदमाश गिरफ्तार, कार के डैशबोर्ड में छिपा रखा था चिट्टा; 11.83 लाख का सामान जब्त

बालोद में हेरोइन और देशी पिस्टल के साथ बदमाश गिरफ्तार, कार के डैशबोर्ड में छिपा रखा था चिट्टा; 11.83 लाख का सामान जब्त

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नशे के कारोबार और अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नया बस स्टैंड इलाके में घेराबंदी कर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान उसकी कार के डैशबोर्ड से 6.40 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और एक देशी पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने टाटा हेक्सा कार सहित कुल 11 लाख 83 हजार रुपए का सामान जब्त किया है। पुलिस के मुताबिक, जिले में पहली बार हेरोइन के साथ देशी पिस्टल की बरामदगी हुई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दल्लीराजहरा के रेलवे कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 21 निवासी लीनेश बंसोड़ उर्फ बाड़ू (25) के रूप में हुई है। बालोद एसडीओपी विनय कुमार साहू के अनुसार, आरोपी आदतन बदमाश प्रवृत्ति का है। वह बालोद शहर के नया बस स्टैंड में अपनी कार में बैठकर स्थानीय संपर्कों से फोन पर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

कार के डैशबोर्ड में छिपाकर रखा था चिट्टा

बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा के मुताबिक, बुधवार आधी रात को कार की तलाशी ली गई। इस दौरान डैशबोर्ड के अंदर पारदर्शी झिल्ली में रखा हेरोइन और देशी पिस्टल मिली। तौल करने पर हेरोइन का वजन 6.40 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 28 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी पिस्टल रखने के वैध दस्तावेज भी पेश नहीं कर सका। पुलिस ने मादक पदार्थ, हथियार और कार जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 22(ख) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गुरुवार शाम उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

दो दिनों से बालोद में सक्रिय था आरोपी

पुलिस के अनुसार, लीनेश बंसोड़ को पिछले दो दिनों से बालोद शहर में देखे जाने की सूचना मिल रही थी। वह शहर के कई लोगों के संपर्क में भी था। इसके बाद पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और मौका मिलते ही घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।

शहर के 6 संदिग्ध पुलिस के रडार पर

पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बालोद शहर के 6 संदिग्धों को चिह्नित किया है। पुलिस के मुताबिक, इन लोगों का राजस्थान आना-जाना रहा है। पिछले एक साल से शहर में चिट्टा सप्लाई होने की सूचनाएं मिल रही थीं। पुलिस ने पहले भी कई बार दबिश दी, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए। इस कार्रवाई के दौरान अन्य संभावित सप्लायर और नशे का सेवन करने वालों तक पहुंचने की कोशिश की गई, लेकिन फिलहाल एक ही आरोपी गिरफ्तार हुआ है। पुलिस बाकी संदिग्धों की तलाश के साथ नशे के नेटवर्क की जांच कर रही है।

दुर्ग, राजनांदगांव और धमतरी के बाद बालोद तक पहुंचा चिट्टा

पुलिस के अनुसार, गांजा तस्करी से जुड़े कुछ आरोपी अब अधिक मुनाफे के लालच में राजस्थान से छत्तीसगढ़ के अलग-अलग शहरों तक चिट्टा पहुंचाने में सक्रिय हैं। दुर्ग, राजनांदगांव और धमतरी के बाद अब बालोद में भी इसकी सप्लाई और सेवन से जुड़े नेटवर्क की जानकारी सामने आई है। पुलिस बरामद मादक पदार्थ के स्रोत और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।

उत्तर प्रदेश से मंगाई गई थी पिस्टल

पुलिस के मुताबिक, जब्त देशी पिस्टल की कीमत एक लाख रुपए से अधिक आंकी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इसे उत्तर प्रदेश से मंगाया गया था। पिस्टल में 7.65 एमएम की गोली इस्तेमाल होती है और इसकी रेंज करीब 30 मीटर बताई गई है। इसकी मैगजीन में 10 गोलियां थीं, जो खाली मिलीं। एसडीओपी विनय कुमार साहू ने बताया कि पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य संपर्कों, हथियार के स्रोत और मादक पदार्थ की सप्लाई के नेटवर्क की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *