
पाटन। भाजपा ओबीसी मोर्चा के मंडल महामंत्री एवं ग्राम पंचायत पहंडोर के आश्रित ग्राम बेंदरी निवासी रवि साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत अपनी पत्नी का नाम पात्र हितग्राहियों की सूची में आने के बावजूद योजना का लाभ नहीं लेने का निर्णय लिया है। रवि साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ उन परिवारों को प्राथमिकता के साथ मिलना चाहिए, जिन्हें वास्तव में पक्के आवास की आवश्यकता है। इसी सोच के साथ उन्होंने स्वेच्छा से योजना का लाभ छोड़ने का फैसला लिया, ताकि किसी जरूरतमंद परिवार को इसका लाभ मिल सके।
उनके इस निर्णय की क्षेत्र में सराहना हो रही है। मित्रों और शुभचिंतकों ने इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताते हुए हर्ष व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने समाज के आर्थिक रूप से सक्षम लोगों से भी जरूरतमंदों के हित में आगे आकर ऐसे सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।