धान खरीदी पर कांग्रेस के आरोपों का भाजपा ने दिया जवाब, हर्षा चंद्राकर ने पूर्व सीएम को घेरा, बोली -किसानों की समस्याएं विपक्ष में रहते ही क्यों याद आती हैं, अपने कार्यकाल की खरीदी व्यवस्था पर भी जवाब दें भूपेश बघेल

पाटन। भाजपा जिला दुर्ग की उपाध्यक्ष हर्षा लोकमणि चंद्राकर ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा प्रदेश की धान खरीदी व्यवस्था को लेकर उठाए गए सवालों पर पलटवार करते हुए उनके बयानों को राजनीतिक करार दिया है। उन्होंने कहा कि पांच साल तक प्रदेश की सत्ता में रहने के बावजूद धान खरीदी से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं कर पाने वाले भूपेश बघेल आज किसानों के हितैषी बनने का प्रयास कर रहे हैं।

हर्षा चंद्राकर ने कहा कि भूपेश बघेल को वर्तमान धान खरीदी व्यवस्था पर सवाल उठाने से पहले अपने पांच साल के कार्यकाल का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए। उनके शासनकाल में भी किसानों को टोकन व्यवस्था, बारदाने की कमी, खरीदी केंद्रों की अव्यवस्था, रकबा कटौती और भुगतान जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। आज 3100 रुपये प्रति क्विंटल की बात करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री यह भी बताएं कि अपने कार्यकाल में किसानों की आय बढ़ाने और कृषि व्यवस्था की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए उन्होंने क्या ठोस कदम उठाए थे।

उन्होंने सवाल किया कि पांच साल सत्ता में रहने के दौरान धान खरीदी केंद्रों की अव्यवस्थाएं पूरी तरह समाप्त क्यों नहीं हुईं? किसानों को समय पर टोकन और बारदाना उपलब्ध कराने की स्थायी व्यवस्था क्यों नहीं बनाई गई? धान खरीदी और मिलिंग की प्रक्रिया में आने वाली बाधाओं का समाधान क्यों नहीं किया गया?

हर्षा चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार धान खरीदी व्यवस्था को बेहतर बनाने और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है। व्यवस्था में कहीं कोई कमी है तो उसे दूर करने के लिए रचनात्मक सुझाव देना विपक्ष की जिम्मेदारी है, न कि आरोप लगाकर किसानों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा करना।

उन्होंने कहा कि किसानों की चिंता करना अच्छी बात है, लेकिन किसानों के नाम पर राजनीतिक बयानबाजी करने से पहले अपने पांच साल के शासनकाल का रिपोर्ट कार्ड भी जनता के सामने रखना चाहिए। छत्तीसगढ़ का किसान अब केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि काम का हिसाब चाहता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *