दुर्ग। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से शुरू होने जा रहे धान खरीदी महापर्व का शुभारंभ इस बार जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित दुर्ग के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन अपने 66वें जन्मदिन पर किसानों और सहकारिता परिवार के बीच करेंगे। जन्मदिन के अवसर को किसान सेवा के साथ जोड़ते हुए बेलचंदन 15 नवंबर को विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रीतपाल बेलचंदन सुबह 8 बजे धान उपार्जन केंद्र तिरगा तथा सुबह 9 बजे धान उपार्जन केंद्र निकुम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, किसानों एवं सहकारिता परिवार की उपस्थिति में पूजा-अर्चना कर विधिवत धान खरीदी का शुभारंभ करेंगे।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक की जाएगी। धान खरीदी के पहले दिन किसानों के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर होगा।
इसके पश्चात बेलचंदन दुर्ग सांसद विजय बघेल के साथ धान खरीदी केंद्र उरला, झीट एवं सांकरा के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही बैंक शाखा भवन अमलेश्वर के भूमि पूजन कार्यक्रम में भी सहभागिता करेंगे। अपने जन्मदिन के अवसर पर किसानों के बीच पहुंचकर धान खरीदी की शुरुआत करना उनके कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहेगा। इस दौरान किसान, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं सहकारिता क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहेंगे।