रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुंगेली जिले के ग्राम कंतेली में आयोजित कार्यक्रम में जिलेवासियों को 465 करोड़ 40 लाख रुपए से अधिक के 77 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें 68 करोड़ रुपए से अधिक की लागत के 24 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण तथा 397 करोड़ रुपए से अधिक के 53 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास शामिल है। इन परियोजनाओं से जिले में सड़क, सिंचाई, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गांव, गरीब, किसान, मजदूर, माताओं-बहनों और युवाओं का सर्वांगीण विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में छत्तीसगढ़ महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण तभी संभव है, जब प्रदेश का प्रत्येक जिला, गांव और परिवार विकास की मुख्यधारा से जुड़े।
15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी, 3100 रुपए मिलेगा प्रति क्विंटल
मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होगी। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। किसानों की सुविधा के लिए इस वर्ष 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इन्हें मिलाकर प्रदेश में लगभग 3100 खरीदी केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपए की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके लिए किसानों को धान की निर्धारित पूरी मात्रा बेचना अनिवार्य नहीं होगा। सत्यापित रकबे के आधार पर निर्धारित पात्रता के अनुसार सहायता राशि मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को आर्थिक संबल देना और खेती को लाभकारी बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
सड़क, पेयजल और सिंचाई परियोजनाओं से बदलेगी जिले की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में लगभग 143 करोड़ रुपए की लागत के 25 सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। वहीं अमृत मिशन 2.0 के तहत 203 करोड़ रुपए से अधिक की जल प्रदाय योजना का भूमिपूजन किया गया। इसके अलावा जल संसाधन विभाग के 40 करोड़ रुपए से अधिक के 11 कार्यों का लोकार्पण किया गया। इन कार्यों से आवागमन, पेयजल आपूर्ति और सिंचाई सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने ग्राम कंतेली में महाविद्यालय भवन एवं पंचायत भवन निर्माण, ग्राम देवरी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका तथा ग्राम कोदवा से खुर्शी तक सड़क मरम्मत एवं निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय भवन बनने से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे।
महतारी वंदन से 68 लाख महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल
मुख्यमंत्री साय ने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के तहत अब तक 33 किस्तों में 21 हजार 340 करोड़ रुपए महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का आर्थिक स्वावलंबन परिवार और समाज को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने श्रीरामलला दर्शन योजना, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076, सेवा सेतु पोर्टल, अटल डिजिटल सेवा केंद्र तथा प्रधानमंत्री सूर्यघर बिजली योजना की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ आम नागरिकों तक सरलता और पारदर्शिता के साथ पहुंचे।
मुंगेली में विकास की बयार : उपमुख्यमंत्री अरुण साव
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने 465 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात के लिए जिलेवासियों को बधाई दी। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में मुंगेली जिले में विकास की बयार बह रही है। सड़क, पुल-पुलिया, पेयजल और अन्य अधोसंरचनात्मक कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुंगेली नगरीय निकाय क्षेत्र के लिए एक हजार करोड़ रुपए से अधिक की स्वीकृति मिल चुकी है।
मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को सहायता राशि एवं सामग्री वितरित की।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।