पाटन। पाटन ब्लॉक के ग्राम बटंग में शिक्षा विभाग के तत्वावधान में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक ने की। विशेष अतिथि के रूप में जनपद उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा, जिला पंचायत दुर्ग की सभापति नीलम चंद्राकार,जनपद सभापति प्रणव शर्मा, सांसद प्रतिनिधि राजेश चंद्राकर, मंडल अध्यक्ष कमलेश चंद्राकर, नगर पंचायत पाटन अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, जनपद सभापति प्रणव शर्मा, जनपद सदस्य डॉक्टर घनश्याम कौशिक, जनपद सदस्य खेमलाल देशलहरे, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष अशोक निषाद, सरपंच ग़ैंदूराम वर्मा , पार्षद कमल देवांगन, बाबा वर्मा, सरपंच विनय चंद्राकर, संदीप चंद्राकर, सरपंच फुंडा रोशन वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं शिक्षा प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर शिक्षा और संस्कार का महत्व बताया। खंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप महिलांगे ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर पाटन ब्लॉक के शैक्षणिक उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला गया। राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा में 35 विद्यार्थियों का चयन, नवोदय विद्यालय में 17 विद्यार्थियों का चयन तथा खेलो इंडिया प्रतियोगिता में खो-खो और वेटलिफ्टिंग में सफलता की जानकारी दी गई। पात्र छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के तहत साइकिल का वितरण किया गया। नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक, मिठाई, गणवेश और पुस्तकें देकर स्वागत किया गया। सफाई कर्मचारियों का सम्मान और अतिथियों द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम भी सम्पन्न हुआ।
सांसद विजय बघेल ने अपने संबोधन में कहा, “बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार देना आवश्यक है। यदि बच्चे, शिक्षक और पालक तीनों अपना कार्य ईमानदारी से करें, तो सफलता से कोई नहीं रोक सकता।” उन्होंने पाटन के शिक्षकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि अभावों के बावजूद शिक्षक बच्चों को मेरिट में ला रहे हैं।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा जब सांसद विजय बघेल ने मंच से छत्तीसगढ़ी गीत “मोर संग चलव” की संगीतमय प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति पर उपस्थित ग्रामीणों, बच्चों और शिक्षकों ने तालियों से स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन मोहित शर्मा ने और आभार प्रदर्शन खिलावन चोपड़िया ने किया।