रायपुर। ‘विकसित भारत’ और मिशन 2028 के लक्ष्य को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बूथ स्तर तक अपनी रणनीति तय कर दी है। सोमवार को रायपुर स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में संयुक्त मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक आयोजित हुई। बैठक में ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ अभियान पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यकर्ताओं से शासन की योजनाओं और ‘मोदी की गारंटी’ की उपलब्धियों को गांव-गांव जाकर जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ की संकल्पना को साकार करना हमारा लक्ष्य है। सच्ची सेवा भावना के साथ हमें एक शक्तिशाली और समृद्ध भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने दो वर्षों में ‘मोदी की गारंटी’ के अधिकांश वादों को पूरा किया है। कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर प्रधानमंत्री आवास, धान खरीदी, किसान कल्याण और महिला सशक्तीकरण सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दें, ताकि जनता और सरकार के बीच विश्वास और संवाद मजबूत हो सके। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी और यशवंत जैन ने किया। बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कंडेय, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी भी मौजूद रहीं।
भाजपा कार्यक्रम आधारित पार्टी: किरण देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कहा कि भाजपा ‘कार्यक्रम आधारित’ दल है, जहां सालभर सेवा कार्य चलते रहते हैं। संगठनात्मक मजबूती के लिए मोर्चा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निरंतर सक्रिय रहना होगा। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग की कार्यशाला 17 फरवरी से शुरू हो रही है, जिसमें शीर्ष नेता नए कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति से अवगत कराएंगे।
राष्ट्र प्रथम की भावना से बनेगा विकसित भारत: अजय जम्वाल
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। हमारा लक्ष्य भारत को शक्तिशाली, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विश्वगुरु बनाना है। ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ सेवा और समर्पण से कार्य करते हुए ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ के संकल्प को जमीन पर उतारना होगा।
24 फरवरी को बजट, बूथों पर मोहल्ला चौपाल
प्रदेश का बजट 24 फरवरी को विधानसभा में पेश होगा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी लगातार तीसरी बार बजट प्रस्तुत करेंगे। बैठक में निर्णय लिया गया कि बजट की मुख्य बातों को आमजन तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता घर-घर संपर्क अभियान चलाएंगे। प्रदेश के 24,731 बूथों पर युवाओं और महिलाओं से संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मोहल्ला चौपाल के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। युवा संवाद कार्यक्रमों में शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास से जुड़ी योजनाओं पर चर्चा होगी।
चुनाव खत्म होते ही अगले की तैयारी: संतोष पाण्डेय
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता संतोष पाण्डेय ने कहा कि भाजपा के लिए राजनीति सत्ता प्राप्ति का माध्यम मात्र नहीं, बल्कि विचारधारा के विस्तार और जनसेवा का संकल्प है। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने बताया कि नए पदाधिकारियों के निर्वाचन के बाद प्रशिक्षण अनिवार्य है, जिससे संगठन बूथ स्तर तक मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि कार्यशालाओं के जरिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवाद और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचारों को जमीन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। मिशन 2028 को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा एक जीवंत संगठन है, जहां एक चुनाव समाप्त होते ही अगले चुनाव की तैयारी शुरू हो जाती है।