महाशिवरात्रि पर वैशाली नगर में 1 रुपए में डायलिसिस व सोनोग्राफी की सौगात, विधायक रिकेश सेन ने किया शुभारंभ

भिलाई। जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए रिकेश सेन ने महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ी राहत दी है। भिलाई के जीरो रोड, शांति नगर स्थित विधायक कार्यालय में अब मात्र 1 रुपए में डायलिसिस और सोनोग्राफी की सुविधा उपलब्ध होगी। विधायक ने रविवार को इस नई सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर महंगे इलाज के आर्थिक बोझ को कम करना है। जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने बताया कि अब वैशाली नगर विधायक कार्यालय एक जन-सुविधा केंद्र के साथ-साथ ‘हेल्थ हब’ के रूप में विकसित हो रहा है।

सुबह 8 से 11 बजे तक मिलेगी सुविधा

नई व्यवस्था के तहत प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 11 बजे तक 1 रुपए में डायलिसिस और 1 रुपए में सोनोग्राफी की सुविधा दी जाएगी। शासकीय अवकाश के दिनों को छोड़कर यह सेवाएं नियमित रूप से संचालित होंगी।

31 प्रकार की जांच निःशुल्क

विधायक ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के तहत यहां 31 प्रकार के ब्लड टेस्ट पूरी तरह निःशुल्क किए जा रहे हैं। इसके अलावा 1 रुपए में एक्स-रे की सुविधा भी उपलब्ध है। सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाते हुए सड़क सुरक्षा के लिए 1 रुपए किराए पर हेल्मेट सुविधा, जरूरतमंदों के लिए ‘राम रसोई’ में भोजन, गरीब एवं असहाय लोगों के लिए कंबल बैंक जैसी व्यवस्थाएं भी संचालित की जा रही हैं। गर्भवती महिलाओं के लिए 1 रुपए में सोनोग्राफी सेवा विशेष रूप से लाभकारी मानी जा रही है। विधायक रिकेश सेन ने कहा कि उनका लक्ष्य राजनीति को सेवा का माध्यम बनाते हुए अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से क्षेत्र के जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *