महावीर निर्वाण दिवस पर 8 नवंबर को मांस-मटन की दुकानें रहेंगी बंद, होटलों में भी नॉनवेज बिक्री पर रोक; उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

महावीर निर्वाण दिवस पर 8 नवंबर को मांस-मटन की दुकानें रहेंगी बंद, होटलों में भी नॉनवेज बिक्री पर रोक; उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई

रायपुर। महावीर निर्वाण दिवस के अवसर पर रविवार, 8 नवंबर को रायपुर नगर निगम क्षेत्र में मांस-मटन की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इस दिन शहर की सभी मांस-मटन की दुकानें और पशुवध गृह बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसके अलावा होटलों में भी मांस-मटन की बिक्री नहीं की जा सकेगी। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नगर निगम सख्त कार्रवाई करेगा।छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आदेश के पालन में नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग ने यह निर्देश जारी किया है। महापौर मीनल चौबे ने भी संबंधित अधिकारियों को प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।

नगर निगम की टीमें करेंगी निगरानी

प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए नगर निगम के जोन स्वास्थ्य अधिकारी और स्वच्छता निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी करेंगे। अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि 8 नवंबर को कोई भी मांस-मटन की दुकान संचालित न हो और न ही प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री की जाए।

होटलों में भी होगी जांच

नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध केवल मांस-मटन की दुकानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि होटलों में भी इसकी बिक्री पर रोक रहेगी। महापौर के निर्देश पर निगम की टीमें होटलों का निरीक्षण करेंगी।यदि किसी होटल या दुकान में प्रतिबंध के बावजूद मांस-मटन की बिक्री होते पाई गई तो मौके पर ही सामग्री जब्त की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित व्यक्ति, प्रतिष्ठान या संस्था के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।नगर निगम ने सभी दुकानदारों और होटल संचालकों से अपील की है कि वे महावीर निर्वाण दिवस के अवसर पर जारी आदेश का पालन करें, ताकि किसी तरह की कार्रवाई की स्थिति निर्मित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *