22 नवंबर को रायपुर पहुंचेंगे भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी, 23 को प्रदेश कार्यसमिति में जुटेंगे दिग्गज नेता

रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी 22 और 23 नवंबर को छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान वे रायपुर में युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सहित दोनों उप मुख्यमंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। दौरे के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष युवाओं, खिलाड़ियों, युवा उद्यमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से भी संवाद करेंगे। इसके साथ ही नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं के साथ नक्सल मुक्त बस्तर के विषय पर चर्चा करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, डॉ. हेमांग जोशी 22 नवंबर की रात 9 बजे रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं की ओर से उनका स्वागत किया जाएगा। एयरपोर्ट से बाइक रैली के माध्यम से वे शहर में प्रवेश करेंगे। रैली के दौरान जैनम मानस भवन, पीटीएस चौक, टेमरी चौक, फुंडहर चौक, मॉल श्री विहार चौक और राम मंदिर में उनका स्वागत किया जाएगा।

प्रदेश कार्यसमिति बैठक में जुटेंगे भाजपा के दिग्गज नेता

23 नवंबर को सुबह 7:30 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष साइंस कॉलेज में खेल गतिविधियों में शामिल होकर खिलाड़ियों से संवाद करेंगे। सुबह 8:30 बजे अग्रसेन भवन में युवतियों के साथ चर्चा करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह तथा रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित प्रदेश सरकार के मंत्री शामिल होंगे। युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया, प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी बैठक में मौजूद रहेंगे। बैठक में संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और युवा मोर्चा की भावी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा होगी।

युवा उद्यमियों से लेकर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं तक संवाद

दोपहर 2 बजे डॉ. जोशी रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय में आयोजित ‘युवा जोहार’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 4 बजे विधि, तकनीक, चिकित्सा, सोशल मीडिया, खेल और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय युवा उद्यमियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। शाम 5 बजे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से आए युवाओं के साथ नक्सल मुक्त बस्तर के विषय पर संवाद करेंगे। इस दौरान बस्तर में शांति, विकास और युवाओं की भागीदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।

कार्यकर्ता के घर पहुंचकर करेंगे गृह संपर्क

राष्ट्रीय अध्यक्ष शाम 6 बजे भाजपा के कार्यकर्ता गृह संपर्क कार्यक्रम के तहत रायपुर के भाठागांव में कार्यकर्ता मोहित सोनी के निवास पहुंचकर उनसे मुलाकात करेंगे। इसके बाद रात 8 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेश कार्यसमिति बैठक के साथ विभिन्न वर्गों के युवाओं से संवाद के जरिए युवा मोर्चा की आगामी रणनीति और संगठनात्मक सक्रियता को दिशा देने पर जोर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *