रायपुर। ट्रेन दुर्घटना जैसी आपात स्थिति में यात्रियों की जान बचाने और राहत कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने शुक्रवार को मरौदा रेलवे स्टेशन पर संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित की। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) के साथ रेलवे की विभिन्न आपदा राहत टीमों ने इस अभ्यास में हिस्सा लिया। मॉक ड्रिल के दौरान ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतरने और कोच में आग लगने जैसी परिस्थितियां बनाकर बचाव अभियान का प्रदर्शन किया गया। अभ्यास के दौरान बचाव दलों ने दुर्घटनाग्रस्त कोच से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को प्राथमिक उपचार देने और आग पर काबू पाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। आधुनिक उपकरणों की मदद से कोच को काटकर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का तरीका भी बताया गया। आग बुझाने के लिए इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरणों और तकनीकों का प्रदर्शन किया गया।
NDRF-SDRF सहित कई विभागों की टीमों ने लिया हिस्सा
मॉक ड्रिल में NDRF की मुंडाली (कटक, ओडिशा) बटालियन, SDRF, रेलवे की आपदा राहत टीम, सिविल डिफेंस, स्काउट एवं गाइड तथा रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीमों ने भी बचाव अभियान में सहयोग किया।
अस्पताल से लेकर मीडिया सेंटर तक बनाए गए राहत केंद्र
आपदा की स्थिति में व्यवस्थाओं को परखने के लिए घटनास्थल पर प्राथमिक उपचार केंद्र, शव गृह, अधिकारी कक्ष, मीडिया केंद्र, पूछताछ केंद्र, दूरभाष केंद्र और नागरिक सुरक्षा सहायता केंद्र स्थापित किए गए। इसके अलावा दुर्घटना राहत ट्रेन (ART), NDRF, SDRF और रेलवे सुरक्षा बल के लिए अलग-अलग सहायता केंद्र बनाए गए। रेलवे सुरक्षा बल के डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने भी बम की जांच और संदिग्ध वस्तुओं की पहचान करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ शासन और भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) की ओर से अग्निशमन वाहन और एंबुलेंस उपलब्ध कराई गईं, ताकि वास्तविक दुर्घटना के दौरान जरूरी संसाधनों की उपलब्धता और समन्वय को परखा जा सके।
अधिकारियों ने बचाव उपकरणों की कार्यप्रणाली जांची
अपर मंडल रेल प्रबंधक बजरंग अग्रवाल ने मॉक ड्रिल के दौरान उपलब्ध बचाव उपकरणों और संसाधनों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न टीमों से उपकरणों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और आपातकालीन परिस्थितियों में तत्परता के साथ राहत एवं बचाव कार्य करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव ने मीडिया से चर्चा में कहा कि इस तरह के अभ्यास से रेलवे कर्मचारियों के साथ आम नागरिकों को भी आपदा के समय मदद करने के तरीकों की जानकारी मिलती है। इससे विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होता है।
आपदा के समय त्वरित मदद और समन्वय पर जोर
रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन दुर्घटना के समय फ्रंटलाइन रेल कर्मचारी, दुर्घटना राहत ट्रेन (ART), दुर्घटना राहत मेडिकल वैन (ARMV) और स्थानीय नागरिक बचाव अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नियमित मॉक ड्रिल से सभी एजेंसियों की तैयारियों को परखने, संसाधनों के बेहतर उपयोग और घायलों तक जल्द सहायता पहुंचाने में मदद मिलती है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि किसी भी रेल दुर्घटना या आपात स्थिति में जरूरतमंदों की मदद करें तथा राहत एवं बचाव कार्य में रेल प्रशासन का सहयोग करें।