CG में IPL सट्टे का ‘काला साम्राज्य’ बेनकाब : 1 करोड़ से ज्यादा कैश जब्त, हवाला नेटवर्क से जुड़ी तारें

CG में IPL सट्टे का ‘काला साम्राज्य’ बेनकाब : 1 करोड़ से ज्यादा कैश जब्त, हवाला नेटवर्क से जुड़ी तारें

रायगढ़। छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन आईपीएल सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपए के अवैध नेटवर्क का खुलासा किया है। कोतवाली थाना और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 1 करोड़ 3 लाख 86 हजार 300 रुपए नकद, नोट गिनने की मशीन और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सट्टे से कमाई गई ब्लैक मनी को हवाला नेटवर्क के जरिए सफेद किया जाता था। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में करन चौधरी, पुष्कर अग्रवाल और सुनील अग्रवाल शामिल हैं। जांच एजेंसियों का दावा है कि करन चौधरी इस पूरे नेटवर्क का बड़ा खाईवाल था, जो कई जिलों तक फैले ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट को संचालित कर रहा था। मामले में एक बड़ा आरोपी जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार अब भी फरार बताया जा रहा है।

दरअसल, 26 अप्रैल को पुलिस ने रायगढ़ और घरघोड़ा क्षेत्र में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा नेटवर्क पर पहली कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को पकड़ा था। उस दौरान मोबाइल फोन, डिजिटल ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड और नगदी बरामद हुई थी। पूछताछ में खुलासा हुआ कि पूरे नेटवर्क का संचालन करन चौधरी और गुड्डा सरदार के इशारे पर किया जा रहा था।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। कॉल डिटेल, चैट रिकॉर्ड, बैंकिंग ट्रांजेक्शन और फाइनेंशियल एनालिसिस के जरिए पूरे सिंडिकेट की परतें खुलती गईं। जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क रायगढ़, सक्ती, रायपुर, बिलासपुर से लेकर दिल्ली तक फैला हुआ था।

पुलिस जांच में यह भी पता चला कि सट्टे से मिलने वाली रकम को सीधे अपने पास नहीं रखा जाता था। रकम को पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर और अन्य कारोबारी चैनलों के जरिए कैश डंप किया जाता था। इसके बाद हवाला नेटवर्क के माध्यम से रकम अलग-अलग स्थानों पर ट्रांसफर की जाती थी, ताकि अवैध कमाई को वैध दिखाया जा सके। करन चौधरी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने कृष्णा प्राइड टावर स्थित एक फ्लैट में छापा मारा। यहां से सुनील अग्रवाल के कब्जे से 50 लाख रुपए नकद, नोट गिनने की मशीन और मोबाइल फोन बरामद किए गए। वहीं पुष्कर अग्रवाल के पास से 52 लाख 60 हजार रुपए नकद और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। इलेक्ट्रॉनिक डेटा, यूपीआई ट्रांजेक्शन और चैट रिकॉर्ड की जांच में पुलिस को संगठित सट्टा सिंडिकेट के कई अहम सुराग मिले हैं। फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस पूरे हवाला नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *