
रावाभाठा से पकड़ा गया आरोपी, पिस्टल-डेटोनेटर और केमिकल पहले ही हो चुके हैं बरामद
रायपुर। राजधानी रायपुर में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खमतराई थाना क्षेत्र के रावाभाठा इलाके से जुड़े चर्चित मामले में फरार चल रहे आरोपी विनय देवांगन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर बम बनाने की तैयारी और अवैध हथियार रखने का आरोप है। जानकारी के मुताबिक 7 मई को पुलिस को सूचना मिली थी कि रावाभाठा इलाके में एक युवक संदिग्ध गतिविधियों में शामिल है और उसके पास पिस्टल व विस्फोटक सामग्री मौजूद है। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता (BDDS) को भी बुलाया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने मौके से बैटरी, केमिकल से भरी दो बोतलें, वायर, डेटोनेटर और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की थी। शुरुआती जांच में बरामद सामग्री को लो एक्सप्लोसिव इंटेंसिटी का बताया गया। इसके अलावा हथियार भी जब्त किए गए थे, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था।
मामले के सामने आने के बाद आरोपी विनय देवांगन फरार हो गया था। पुलिस की अलग-अलग टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं। लगातार दबिश और तकनीकी जांच के बाद आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी बम बनाने की तैयारी क्यों कर रहा था, उसका मकसद क्या था और कहीं इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। जांच एजेंसियां आरोपी के मोबाइल फोन, संपर्कों और गतिविधियों की भी गहन जांच कर रही हैं। सूत्रों के मुताबिक पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि विस्फोटक सामग्री कहां से जुटाई गई और इस पूरे मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं। मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।