
YC न्यूज़ डेस्क । भारतीय स्टेट बैंक यानी SBI ने अपने करोड़ों ग्राहकों को साइबर ठगी से बचाने के लिए अहम चेतावनी जारी की है। बैंक ने साफ किया है कि उसके कॉन्टैक्ट सेंटर से ग्राहकों को केवल दो आधिकारिक नंबरों से ही कॉल किए जाते हैं। ऐसे में यदि किसी अन्य नंबर से SBI अधिकारी बनकर कॉल आए, तो सतर्क रहने की जरूरत है।
SBI ने बताया कि बैंक की ओर से सिर्फ 1800-1234 और 1800-2100 नंबरों से ही ग्राहकों से संपर्क किया जाता है। इन नंबरों के अलावा किसी भी दूसरे नंबर से आने वाले कॉल फर्जी हो सकते हैं। बैंक ने ग्राहकों से अपील की है कि वे ऐसे कॉल पर किसी भी तरह की निजी या बैंकिंग जानकारी साझा न करें। बैंक ने कहा है कि साइबर अपराधी खुद को बैंक कर्मचारी बताकर ग्राहकों से OTP, ATM PIN, कार्ड नंबर, पासवर्ड और इंटरनेट बैंकिंग डिटेल्स मांग सकते हैं। SBI ने स्पष्ट किया कि बैंक कभी भी फोन पर OTP या PIN जैसी गोपनीय जानकारी नहीं मांगता।
SBI ने ग्राहकों को दी ये सलाह–
किसी भी संदिग्ध कॉल पर तुरंत फोन काट दें।
OTP, PIN, CVV या पासवर्ड किसी से साझा न करें।
अनजान लिंक या मैसेज पर क्लिक करने से बचें।
किसी के कहने पर मोबाइल में AnyDesk या TeamViewer जैसे रिमोट एक्सेस ऐप डाउनलोड न करें।
साइबर फ्रॉड की आशंका होने पर तुरंत बैंक और साइबर हेल्पलाइन में शिकायत करें। SBI ने ग्राहकों से सतर्क रहने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है, ताकि ऑनलाइन ठगी और बैंकिंग फ्रॉड से बचा जा सके।