पाटन। पाटन ब्लॉक के सेजस घुघुवा(क) विद्यालय में विकासखंड स्तरीय अंतर विद्यालयीन भारोत्तोलन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें पाटन विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ पाटन जनपद पंचायत के सभापति एवं युवा भाजपा नेता श्री प्रणव शर्मा के कर कमलों द्वारा फीता काट कर किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान जी एवं मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुई। आयोजन की अध्यक्षता ग्राम सरपंच श्रीमती शैलेंद्री साहू ने की, जबकि विशिष्ट अतिथियों में एसएमडीसी अध्यक्ष थानेश्वर साहू, पालक समिति अध्यक्ष प्रशांत शर्मा, एसएमडीसी सदस्य रवि साहू, ढाल सिंह साहू एवं प्रभारी प्राचार्य के.के. प्रहरी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में सभापति श्री प्रणव शर्मा ने कहा कि “खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि जीवन निर्माण का माध्यम है। इससे अनुशासन, धैर्य, मेहनत और एकाग्रता जैसे गुण विकसित होते हैं।” उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी और प्रेरित किया कि वे अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारते रहें।प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी अतिथियों ने उन्हें भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने और सफलता प्राप्त करने की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के व्यायाम शिक्षक श्री बालाराम साहू ने इस अवसर पर विद्यालय में खेल सामग्री की आवश्यकता को लेकर सभापति श्री प्रणव शर्मा से सहयोग का निवेदन किया।इस आयोजन ने क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति नई ऊर्जा और जागरूकता का संचार किया है ।