पाटन। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पाटन में आयोजित रक्तदान शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। शिविर में विशेष रूप से युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिन्होंने मानवता की सेवा में आगे बढ़कर योगदान दिया।
जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष कीर्ति नायक ने सभी रक्तदाताओं की सराहना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है, जो जरूरतमंदों के जीवन को बचाने में अहम भूमिका निभाता है। ऐसे आयोजनों से समाज में जागरूकता बढ़ती है और सेवा भाव को प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे समय-समय पर रक्तदान जैसे पुण्य कार्यों में भाग लेकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं। साथ ही उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिनके समर्पण से यह शिविर सफल हो सका।