जामगांव आर। दक्षिण पाटन क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नवागांव बी में हनुमान जयंती का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गांव के युवाओं ने मिलकर भगवान हनुमान का विधि-विधान से सिंदूरी श्रृंगार कर विशेष पूजा-अर्चना की और बूंदी प्रसाद का भोग अर्पित किया।
उत्सव के दौरान युवाओं की टोली ने राहगीरों और ग्रामीणों को बूंदी प्रसाद वितरित किया तथा गर्मी को देखते हुए शीतल पेयजल की व्यवस्था भी की। पूरे आयोजन के दौरान “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।
सामाजिक कार्यकर्त्ता अभिषेक सेन ने बताया कि हनुमान जयंती के पावन अवसर पर युवाओं ने एकजुट होकर यह आयोजन किया, जिसमें पूजा-अर्चना, प्रसाद वितरण और भव्य आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूरे गांव में आस्था और भक्ति का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर अभिषेक सेन, तुषांत टंडन, युवराज मंडल, मितेश साहू, कनक साहू, इंद्रकुमार साहू, नोतन साहू, मनीष कुमार, वासु मंडल, दुष्यंत साहू, लक्की, पंकज यादव, रोमन साहू, देवेंद्र साहू, भूपेश नेताम, कमल महलवार, टेमन साहू सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।