बैंड की धुन पर भड़की खूनी रंजिश ! इस गांव में चौथिया कार्यक्रम बना खूनी संघर्ष, बाजा विवाद में एक की मौत, पांच घायल

धमतरी, 22 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में चौथिया कार्यक्रम की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बाजा ठीक से नहीं बजाने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है और एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के मुताबिक मामला मगरलोड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भोथीडीह का है। 21 फरवरी शनिवार को ग्राम मालगांव से ग्रामीण चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम में मालगांव से बैंड पार्टी भी बुलाई गई थी। इसी दौरान बैंड ठीक से नहीं बजाने की बात को लेकर स्थानीय लोगों और बैंड पक्ष के बीच विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। स्थिति उस समय बेकाबू हो गई जब कुछ लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार मृतक चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने आया था। अन्य चार घायलों को जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
गांव में पुलिस बल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। तनाव को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। घटना के बाद गांव में आक्रोश और भय का माहौल है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *