बालोद, 27 अप्रैल 2026। जिले में एक बेहद दर्दनाक और रहस्यमय घटना ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है। एक शादीशुदा 40 वर्षीय महिला और 25 वर्षीय युवक का शव एक ही पेड़ पर एक ही फंदे से लटका मिला है। इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है और तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। जानकारी के मुताबिक मामला बालोद कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम परसोदा का है। रविवार सुबह करीब 8 बजे राहगीरों ने खेत के अंदर एक पेड़ पर दो शवों को फांसी के फंदे से झूलते देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतकों की पहचान 40 वर्षीय संतोषी बाई यादव और 25 वर्षीय थलेश खरांशु के रूप में हुई है, जो गब्दी गांव के निवासी और आपस में पड़ोसी बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों शनिवार को घर से निकले थे और बस के जरिए झलमला पहुंचे, इसके बाद पैदल खेत तक गए, जहां उन्होंने यह कदम उठाया। घटनास्थल से दोनों की चप्पल भी बरामद की गई है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। दोनों के बीच संबंध होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले की हर एंगल से जांच जारी है। वहीं इस घटना से एक 19 साल का बेटा मां के साये से वंचित हो गया, जिसने पूरे मामले को और भी भावुक बना दिया है।