छत्तीसगढ़ की बेटी शिवानी सोनी ने रचा इतिहास, इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स से सम्मानित,अंतर्राष्ट्रीय गोल्फ में भारत का सबसे अधिक प्रतिनिधित्व करने वाली पहली महिला बनीं

रायपुर। छत्तीसगढ़ की प्रतिभाशाली बेटी और अंतर्राष्ट्रीय गोल्फ खिलाड़ी शिवानी सोनी ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश का नाम वैश्विक मंच पर रोशन किया है। अम्बिकापुर की रहने वाली शिवानी को ‘इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ द्वारा सम्मानित किया गया है। वे छत्तीसगढ़ की पहली महिला खिलाड़ी बनी हैं, जिन्होंने सर्वाधिक अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने शिवानी सोनी से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जब बेटियाँ अपनी मेहनत और प्रतिभा से नई ऊँचाइयाँ हासिल करती हैं, तो यह पूरे समाज के लिए गर्व का विषय बन जाता है।

मंत्री अग्रवाल ने आगे कहा कि शिवानी की सफलता न केवल युवाओं, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभा का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त प्रमाण भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करती रहेगी। वहीं, शिवानी सोनी ने इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देश और प्रदेश का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने आगे भी बेहतर प्रदर्शन कर भारत का नाम रोशन करने का संकल्प दोहराया। शिवानी की इस उपलब्धि से अम्बिकापुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी और गर्व का माहौल है। उनकी सफलता आने वाली पीढ़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *