
सेवा पुस्तिका, चिकित्सा देयक और पासबुक संधारण सहित लंबित मामलों के शीघ्र समाधान पर जोर
दुर्ग। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय दुर्ग में कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने की। बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारी दुर्ग विनोद शुक्ला, धमधा अथर्व शर्मा, पाटन डालेंद्र देवांगन सहित कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संगठन जिला अध्यक्ष भानु प्रताप यादव, शिक्षक फेडरेशन जिला अध्यक्ष चंचल द्विवेदी, सुखेंद्र देवांगन, धर्मेंद्र देशमुख, गिरीश साहू एवं ओम प्रकाश पांडे ने कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से रखा।
बैठक में सेवा पुस्तिका संधारण, चिकित्सा देयकों के लंबित प्रकरण, पासबुक संधारण एवं अन्य प्रशासनिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने 10 जून 2026 तक लंबित प्रकरणों के समाधान के निर्देश देते हुए कहा कि कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानी न हो और सभी प्रशासनिक कार्य समय-सीमा में पूरे किए जाएं। बैठक में विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई पर भी जोर दिया गया।