साय सरकार का श्रमिक परिवारों के बच्चों को बड़ी सौगात: निजी आवासीय स्कूलों में मुफ्त पढ़ाई, 3 जुलाई तक करें आवेदन

साय सरकार का श्रमिक परिवारों के बच्चों को बड़ी सौगात: निजी आवासीय स्कूलों में मुफ्त पढ़ाई, 3 जुलाई तक करें आवेदन

साय सरकार की अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना, शिक्षा से लेकर आवास, भोजन और अध्ययन सामग्री का पूरा खर्च उठाएगा मंडल

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार श्रमिक परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल कर रही है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा संचालित अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के प्रतिभावान बच्चों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को राज्य के चयनित निजी आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं से 12वीं तक अध्ययन की सुविधा प्रदान की जाएगी। खास बात यह है कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक फीस, छात्रावास, भोजन, गणवेश, लेखन सामग्री एवं अन्य आवश्यक खर्चों का पूरा वहन मंडल द्वारा किया जाएगा। इससे श्रमिक परिवारों पर शिक्षा का आर्थिक बोझ कम होगा और बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। राज्य सरकार का उद्देश्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर एवं श्रमिक वर्ग के बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा का अवसर प्रदान कर उन्हें भविष्य के लिए सक्षम बनाना है। अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना इसी सोच का परिणाम है, जो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देने का कार्य कर रही है।

योजना का लाभ लेने के लिए पात्र एवं पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को श्रम विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन प्रक्रिया 22 जून से प्रारंभ हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 3 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की सुविधा श्रम विभाग के पोर्टल, निकटतम श्रम कार्यालय, लोक सेवा केंद्र एवं श्रमेव जयते एप के माध्यम से उपलब्ध है। यह योजना न केवल श्रमिक परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराएगी, बल्कि शिक्षा के माध्यम से उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण का मार्ग भी प्रशस्त करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *