
दुर्ग, 4 मई 2026। दुर्ग जिले में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए आरोपी के अवैध मकान पर बुलडोजर चला दिया। नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए शासकीय जमीन पर बने मकान को जमींदोज कर दिया। जानकारी के मुताबिक, पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में हाल ही में एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। इस मामले में आरोपी किशोर चौहान उर्फ चेटा को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद से ही क्षेत्र में लोगों में भारी नाराजगी और आक्रोश का माहौल था।
जांच के दौरान प्रशासन को पता चला कि आरोपी और उसका परिवार ग्राम पुरैना में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर मकान बनाकर रह रहे थे। इस पर नगर निगम ने नियमानुसार पहले नोटिस जारी कर कब्जा हटाने के निर्देश दिए, लेकिन तय समय सीमा में पालन नहीं किया गया। सोमवार को प्रशासन ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पहले मकान के भीतर रखा सामान बाहर निकाला गया, इसके बाद बुलडोजर से पूरे अवैध निर्माण को ढहा दिया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध कब्जाधारियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध कब्जों पर रोक लगाने के लिए आगे भी ऐसे सख्त कदम उठाए जाएंगे।