पराली जलाना पड़ा महंगा ! लिगेसी वेस्ट में लगी आग पर 5 किसानों पर जुर्माना, प्रशासन ने ठोका पर्यावरणीय अर्थदण्ड

पराली जलाना पड़ा महंगा ! लिगेसी वेस्ट में लगी आग पर 5 किसानों पर जुर्माना, प्रशासन ने ठोका पर्यावरणीय अर्थदण्ड

धमतरी, 16 जून 2026। नगर पालिक निगम धमतरी के वार्ड क्रमांक 35 बागतराई रोड स्थित लिगेसी वेस्ट (मणीकंचन केंद्र) में गत 25 मई को हुई आगजनी की घटना के मामले में प्रशासन ने जांच पूरी करते हुए पांच कृषकों पर पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अर्थदण्ड आरोपित किया है। नगर निगम द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार मणीकंचन केंद्र में संग्रहित लगभग 23 हजार टन लिगेसी वेस्ट में आग लग गई थी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई थी कि आसपास के खेतों में जल रही पराली से आग फैलकर लिगेसी वेस्ट तक पहुंची, जिससे यह बड़ी घटना हुई।

मामले की जांच के लिए राजस्व विभाग द्वारा हल्का पटवारी से प्रतिवेदन प्राप्त किया गया। जांच में पाया गया कि मणीकंचन केंद्र से लगे कुछ कृषि क्षेत्रों में पराली जलकर नष्ट हुई थी। इसके आधार पर संबंधित भूस्वामी कृषकों को नोटिस जारी कर उनका पक्ष भी सुना गया। हालांकि किसानों ने अपने जवाब में पराली जलाने से इंकार किया, लेकिन उपलब्ध राजस्व अभिलेखों और जांच प्रतिवेदन के आधार पर संबंधित भूमि मालिकों को उत्तरदायी माना गया। इसके बाद राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) और सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए पांचों किसानों पर 5-5 हजार रुपये का पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति अर्थदण्ड लगाया गया।

प्रशासन ने संबंधित कृषकों को अर्थदण्ड की वसूली के लिए पृथक से नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही किसानों से फसल अवशेषों के वैज्ञानिक प्रबंधन को अपनाने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील भी की गई है। गौरतलब है कि पराली जलाने से पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचता है और कई बार ऐसी घटनाएं बड़े हादसों का कारण बन जाती हैं। इसी को देखते हुए प्रशासन अब इस तरह के मामलों में सख्ती बरत रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *