
पाटन, 16 जून 2026। उतई थाना क्षेत्र के ग्राम सेलूद में भाजपा नेता एवं पूर्व उपसरपंच तारेंद्र बंछोर का शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह उस समय सामने आई, जब ग्रामीणों ने बाजार चौक स्थित चारबांधा तालाब के पास मंदिर परिसर में एक पेड़ पर उनका शव लटका देखा।
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना उतई पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। जांच अधिकारी परिजनों, परिचितों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रहे हैं।
घटना की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है। तारेंद्र बंछोर भाजपा से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ता होने के साथ-साथ ग्राम पंचायत के पूर्व उपसरपंच भी रह चुके थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।